लोगों के दिलों को जोडऩे के लिए निकाली जा रही भारत जोड़ो यात्रा: बृजलाल खाबरी

गाजियाबाद। दिल्ली के गोकुलपुरी से लोनी में आज आने वाली कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर कांग्रेसी उत्साहित है। सोमवार को आरडीसी स्थित रेस्टोरेंट में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रांतीय अध्यक्ष नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि यह भारत जोड़ो यात्रा लोगों के दिलों को जोडऩे के लिए निकाली जा रही है। लोनी में आज सुबह 10 बजे कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा सुबह 10 बजे पहुंचेगी। यात्रा में 10 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं में यात्रा को लेकर उत्साह है। प्रेसवार्ता के दौरान कांगे्रस के जिलाध्यक्ष बिजेंद्र यादव,प्रदेश प्रवक्ता पवन दीक्षित,प्रदेश संयोजक अशोक सिंह,नसीम खान, पूर्व मंत्री सतीश शर्मा, शिक्षा प्रकोष्ठ के चेयरमैन जेके गौड़, दीपक सिंह, पूर्व विधायक अनिल गुर्जर आदि मौजूद रहे।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के लिए गर्व की बात है कि राहुल गांधी के नेतृत्व में लाखों लोगों के साथ में दिल्ली से होते हुए लोनी में भारत जोड़ो यात्रा प्रवेश कर रही हैं। भारत जोड़ो यात्रा को लेकर हर एक कांग्रेसी में उत्साह है। पूरे उत्तर प्रदेश के लोग भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार तानाशाही रवैया पर चल रही है। 2014 से लेकर जो भी वादे किए हैं उनको पूरा नहीं किया गया।महंगाई बेरोजगारी चरम पर है। विपक्ष की बात को दबाया जा रहा है। सड़क से लेकर संसद तक विपक्ष की बात सुनी नहीं जा रही हैं। जब सरकार विपक्ष की आवाज को संस्थाओं के माध्यम से दबाने लगे तब विपक्ष के पास जनता जनार्दन के पास जाने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचता है। कांग्रेस पार्टी ने तय किया कि 3800 किलोमीटर की गैर राजनीतिक पद यात्रा निकालकर देश से संवाद स्थापित किया जाए और देश में पनप रही नफरत को खत्म कर कर आपसी भाईचारा कायम करने की पहल की जाए।

कांग्रेस के पश्चिमी यूपी के प्रांतीय अध्यक्ष नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि प्रदेश के सम्मानित नागरिकों से अपील करते हैं कि कांग्रेस द्वारा निकाली जा रही गैर राजनीतिक पद यात्रा में अपने मुद्दों की लड़ाई लडऩे के लिए राहुल गांधी के साथ कदम से कदम मिलाए। पदयात्रा को लाखों लोगों का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि गांव-गांव जाकर बैठक की गई। इसमें लोगों का समर्थन पूरा मिल रहा है। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष बिजेंद्र यादव ने बताया कि यात्रा में शामिल होने के लिए भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत, रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी,सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और बसपा सुप्रीमो मायावती को भी पार्टी हाईकमान ने आमंत्रण भेजा है।