भाजपा सरकार का चरित्र जनविरोधी: सुशांत गोयल

गाजियाबाद। शहर सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी सुशांत गोयल ने शनिवार सुबह शिब्बन पुरा में डोर-टू-डोर जनसंपर्क किया। कांग्रेस प्रत्याशी ग्लोबल पब्लिक स्कूल पहुंचकर बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। कांग्रेस प्रत्याशी ने घर-घर जाकर उनके पक्ष में वोट करने की अपील लोगों से की। कांग्रेस प्रत्याशी ने जनसंपर्क के दौरान कहा कि वे अपने पिता पूर्व सांसद स्वर्गीय सुरेंद्र प्रकाश गोयल के अधूरे कार्यों को पूरा करने के लिए राजनीति में आए हैं। उनका एकमात्र लक्ष्य शहर का विकास और जन सेवा करना है। उन्होंने कहा चुनाव के दौरान वे जो वादे शहर की जनता से कर रहे हैं, उसे हर हाल में पूरा किया जाएगा। जनसंपर्क के दौरान लोगों ने कई जगह कांग्रेसी प्रत्याशी का फूल मालाओं से स्वागत किया। कांग्रेस प्रत्याशी सुशांत गोयल ने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा सरकार का चरित्र जनविरोधी है। राजनीतिक षडयंत्रों से संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है। भाजपा राजनीति का व्यापार करती है। महंगाई, बेरोजगारी, किसान समस्या, महिला उत्पीडऩ, अपराध से जनता बुरी तरह त्रस्त है। बावजूद इसके भाजपा का झूठा प्रचार अभियान जारी है। जिनके राज में नौकरी के लिए युवाओं को हाथ जोडऩा पड़े, उनसे जनता अब हाथ जोड़ लेगी। इस दौरान आशीष प्रेमी,राकेश जाटव, लोकेंद्र, पूर्व पार्षद गजराज सिंह, विजेंदर जाटव, लोकेश शर्मा, विक्की भाई, अशोक धनकर समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।