केन्या की छात्रा ने 14वीं मंजिल से कूदकर खुदकुशी की

ग्रेटर नोएडा। कासा ग्रांड सोसाइटी में विदेशी युवती ने 14वीं मंजिल से कूदकर खुदकुशी कर ली। घटना के बाद सोसाइटी परिसर में एकाएक हड़कंप मच गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रारंभिक जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर विवेचना चल रही है। सोसाइटी में शनिवार की रात क्रिसमस के उपलक्ष्य में पार्टी भी आयोजित की गई थी।

पुलिस के मुताबिक ग्रेटर नोएडा की कासा ग्रांड सोसाइटी में विनी मूयासा (25) निवासी केन्या ने 14वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या की है। सोसाइटी के नागरिकों को रविवार की सुबह घटना की जानकारी मिली। बाद में पुलिस को सूचना दी गई। इस सोसाइटी में शनिवार की रात क्रिसमस पार्टी भी आयोजित हुई थी। पुलिस ने प्रारंभिक छानबीन के बाद कहा कि यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है। विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि विनी मूयासा पढ़ाई कर रही थी।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद नजदीकी रिश्तेदारों को सौंप दिया जाएगा। उधर, कासा ग्रांड सोसाइटी में काफी संख्या में देशी-विदेशी छात्र रहते हैं। इस सोसाइटी में पिछले कुछ वर्ष के भीतर कई आपराधिक मामले प्रकाश में आए हैं। रेजीडेंट्स का कहना है कि विदेशी विद्यार्थियों के कारण उन्हें अक्सर कोई न कोई परेशानी आती रहती है। सोसाइटी परिसर में देर रात तक म्यूजिक बजाने की समस्या आम बात है।