भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता सरदार एसपी सिंह ने की मेयर प्रत्याशी की दावेदारी

गाजियाबाद। मेयर और चेयरमैन पद के लिए आरक्षण लिस्ट जारी होते ही अब संभावित प्रत्याशियों ने पार्टी कार्यालयों के चक्कर काटने शुरु कर दिए है। मेयर और चेयरमैन का टिकट किसे मिलेगा, इसका फैसला हाईकमान के हाथ में है। भाजपा में टिकट के दावेदारों की संख्या सबसे अधिक है। ऐसे में सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि कौन-कौन टिकट की दावेदारी कर रहा है और किसका पलड़ा कितना भारी है। इन सबके बीच बुधवार को भाजपा के पुराने समर्पित कार्यकर्ता सरदार एसपी सिंह ने भी दावेदारी पेश की है। भाजपा के पूर्व महानगर संयोजक, पूर्व क्षेत्रीय प्रवक्ता व अल्पसंख्यक आयोग उत्तर प्रदेश के पूर्व सदस्य सरदार एसपी सिंह ने बुधवार को भाजपा महानगर कार्यालय पर प्रदेश अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय अध्यक्ष व महानगर अध्यक्ष को संबोधित भाजपा से गाजियाबाद में मेयर के लिए आवेदन पत्र महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा को सौंपा।

सरदार एसपी सिंह पिछले करीब 33 वर्षों से भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता हैं और पार्टी के सभी कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भागीदार करते हैं। सरदार एसपी सिंह की दावेदारी का सबसे मजबूत पहलू यह है कि वह पार्टी के किसी भी गुटबाजी से दूर और गैरविवादित चेहरा है। पार्टी में छोटे कार्यकर्ता से लेकर संगठन के कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निवर्हन किया है। एसपी सिंह पंजाबी समाज का गाजियाबाद में सबसे बड़ा चेहरा हैं। सामजिक और कई हिंदु सिक्ख संगठनों से जुड़े हुए हैं।

गाजियाबाद में मेयर का पद जिम्मेदारी वाला पद है। विगत किसी भी चुनाव में पार्टी से सिक्ख एवं पंजाबी को चुनाव लडऩे का मौका नहीं मिला है। जबकि स्व: सरदार तेजा सिंह गाजियाबाद से तीन बार (1952 से 1967 तक) विधायक रहे चुके हैं। जिले में काफी संख्या में पंजाबी मतदाता है, अगर भाजपा सरदार एसपी सिंह को अपना प्रत्याशी बनाती है तो गाजियाबाद नगर निगम के अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में भी पार्टी को इसका लाभ मिलेगा। सरदार एसपी सिंह के राजनीति की सबसे खास पहलू यह है कि वह कभी भी किसी बात के लिए पार्टी पर दबाव नहीं बनाते है और पार्टी से जुड़े सभी कार्यों को पूरी शिद्दत के साथ पूरा करते है।

सरदार एसपी सिंह का दखल उत्तर प्रदेश के अलावा दिल्ली और पंजाब की राजनीति में भी है। ऐसे में गाजियाबाद के बहाने भाजपा दिल्ली और पंजाब में भी सिक्ख समुदाय तक अच्छा संदेश पहुंचा सकती है। गाजियाबाद मेयर पद के दावेदारी को लेकर जब एसपी सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मैं संगठन व सरकार में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी वाले पद पर रह चुका हूँ। मैं पार्टी का समर्पित कार्यकर्ता हूँ और पार्टी का हर निर्देश मेरे लिए बड़ा आदेश है। मैने आवेदन पत्र के माध्यम से अपनी बातें रख दी हैं। पार्टी का हर तरह का निर्देश मुझे मंजूर है।