आबकारी विभाग के निशाने पर अब ब्लैकमेलर, शुरू हुई जांच

-शिकायतों पर लिया गया संज्ञान, खंगाली जा रही आरोपियों की कुंडली

गाजियाबाद। जनपद में अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए आबकारी विभाग द्वारा चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान शराब की दुकानों के अलावा हाईवे पर संदिग्ध वाहन एवं ढाबों पर चेकिंग की जा रही है। यह विशेष अभियान निरंतर जारी रहेगा। वहीं जनपद में आबकारी विभाग को बदनाम करने की सुनियोजित मुहिम चलाई जा रही है। कुछ शरारती व्यक्तियों द्वारा निजी स्वार्थ हित के लिए आबकारी विभाग के अलावा लाइसेंसशुदा शराब कारोबार को भी प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। सोशल मीडिया के जरिए यह काम हो रहा है। इसके पीछे कौन है, इसका जल्द खुलासा होने की उम्मीद है। दरअसल आबकारी विभाग अब शराब तस्करों के अलावा कुछ ब्लैकमेलरों की कुंडली भी खंगालने में जुट गया है। यह ब्लैकमेलर अलग-अलग हथकंडे अपना कर न सिर्फ विभाग की साख को बट्टा लगाने की कोशिश कर रहे हैं, बल्कि लाइसेंसशुदा शराब की दुकानों पर भी आए दिन कोई न कोई बखेड़ा खड़ा कर रहे हैं। इस खेल से जुड़े कुछ लोगोंं का डाटा आबकारी विभाग के हाथ लग चुका है। उम्मीद है कि इस सिंडिकेट पर शीघ्र बड़ा प्रहार किया जाएगा। जनपद गाजियाबाद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी को रोकने के लिए पिछले कुछ माह में आबकारी विभाग ने सख्त कदम उठाए हैं। इसके तहत सभी आबकारी निरीक्षकों की जबावदेही तय कर उनसे काम का रिजल्ट लिया जा रहा है, अब खानापूर्ति करने से काम नही चलेगा।
जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह खुद शराब की दुकानों का औचक निरीक्षण करने से परहेज नहीं कर रहे हैं। इसके चलते आबकारी निरीक्षकों में भी एकाएक ऊर्जा का संचार देखने को मिला है। इसके इतर आबकारी विभाग को पिछले कुछ समय से एक नई समस्या का सामना करना पड़ रहा है। दरअसल कुछ लोग विभाग को बदनाम करने के लिए सुनियोजित तरीके से मुहिम चला रहे हैं। यह गैंग अक्सर शराब की दुकानों पर जाकर अनैतिक डिमांड करता है। इसके अलावा धोखे से तथ्यहीन और भ्रमित करने वाले वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए जाते हैं। यह गैंग ऐसा वीडियो भी सोशल मीडिया पर अपलोड कर चुका है, जिसमें दिखता है कि शराब की बंद दुकान के भीतर से गलत तरीके से शराब बेची जा रही है। जबकि वीडियो को ध्यान पूर्वक देखने पर लगता है कि दुकानदार को बदनाम करने की नीयत से यह कदम उठाया गया है। जिस समय का वह वीडियो है, उस समय दुकान का शटर भी बंद पड़ा है। उधर, सूत्रों का कहना है कि आबकारी विभाग अब इन ब्लैकमेलरों के पीछे लग चुका है। आरोपियों की कुंडली खंगाली जा रही है। ठोस तथ्य जुटाने के बाद आरोपियों पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

33 दुकानदारों पर कार्रवाई
जनपद में शराब की दुकानों पर ओवर रेटिंग की शिकायतों को लेकर आबकारी विभाग बेहद गंभीर है। समय-समय पर आबकारी विभाग कार्रवाई करने से भी नही चूकता है। जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि शराब की दुकानों पर ओवर रेटिंग को रोकने के लिए भी प्रभावी कार्रवाई हो रही है। अब तक 33 शराब विक्रेताओं के विरूद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते 75 हजार प्रति विक्रेता से जुर्माना वसूला गया है। इसके अलावा दुकानदारों को चेतावनी दी गई है कि भविष्य में दोबारा ओवर रेटिंग की शिकायत मिलने पर जुर्माने की राशि डबल होगी और इसके साथ ही जेल भेजने की कार्रवाई भी की जाएगी।

अधिकारी कथन

Rakesh Kumar Singh (DEO)
Rakesh Kumar Singh,
District Excise Officer

जनपद में शराब तस्करों के खिलाफ हरसंभव कार्रवाई की जा रही है। अवैध शराब का निर्माण और परिवहन का काम कतई होने नहीं दिया जा रहा है। इससे तस्कर भी बौखलाहट में हैं। अवैध शराब के कारोबार को लेकर आबकारी विभाग की टीम तस्करों के संभावित ठिकानों एवं, हाईवे और ढाबों पर निरतंर चेकिंग कर रही है। सोशल मीडिया पर आबकारी विभाग को लेकर अनगर्ल वीडियो अपलोड किए जाने के संबंध में भी शिकायतें मिली हैं। कुछ लोगों के नाम और नंबर भी शिकायत पत्र में मिले हैं। इन शिकायतों की जांच कराकर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
राकेश कुमार सिंह,
जिला आबकारी अधिकारी