केडब्ल्यू सृष्टि में गुंडई : पानी मांगने पर बिल्डर के गुंडों और सिक्योरिटी गार्ड ने रेजिडेंट्स को पीटा

गाजियाबाद। गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन स्थित बदनाम केडब्ल्यू सृष्टि में बिल्डर के गुंडों और सिक्योरिटी गार्ड की गुंडई एक बार फिर सामने आई है। ताजा मामला पानी मांगने पर रेजिडेंट के साथ बेरहमी के साथ मारपीट करने का सामने आया है। इस घटना के बाद रेजिंडेंट्स ने बिल्डर के खिलाफ हंगामा भी किया। साथ ही पुलिस से शिकायत कर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। शनिवार शाम को इस मुद्दे पर रेजीजेंट्स ने आपात बैठक बुलाई है। बैठक में संघर्ष की रणनीति तैयार की जाएगी।

केडब्ल्यू सृष्टि सोसायटी में रेजिडेंट अक्षय मेहता का परिवार रहता है। अक्षय के फ्लैट में पिछले तीन दिन से पेयजल आपूर्ति बाधित है। इस संबंध में सिक्योरिटी मैनेजर तपन कुमार को फोन कर अवगत कराया गया, मगर समस्या का समाधान नहीं हो सका। आरोप है कि कॉल करने के कुछ देर बाद तपन 10-15 सिक्योरिटी गार्ड के साथ अक्षय के फ्लैट पर पहुंचा। जहां गाली-गलौच कर मारपीट की गई। ऐसे में अक्षय की शर्ट तक फर्ट गई। रेजिडेंट्स का आरोप है कि सोसाइटी परिसर में बिल्डर के गुंडों और सिक्योरिटी गार्ड पर किसी की लगाम नहीं है। सिक्योरिटी गार्ड और मैनेजमेंट के आतंक से रेजिडेंट्स इतने आतंकित हो गए हैं कि उन्हें पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगानी पड़ी है।

आरोप है कि सोसाइटी में बदइंतजामी का विरोध करने और सुविधाएं मांगने पर रेजिडेंट्स को पीटा जा रहा है। उधर, इस मामले में पुलिस से शिकायत किए जाने पर आरोपी फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की, मगर कोई हाथ नहीं आ सका। पीड़ित रजिडेंट अक्षय मेहता ने इस मामले में थाने में शिकायत कर सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

रेजिडेंट्स का कहना है कि केडब्ल्यू सृष्टि में जन-समस्याओं की भरमार है और शिकायत करने पर रेजिडेंट को पीटा जा रहा है। शनिवार शाम को रेजिडेंट्स की आपात बैठक भी बुलाई गई है, जिसमें बिल्डर और उसके गुंडों की बदमाशी के खिलाफ एकजुट होकर आंदोलन करने पर चर्चा की जाएगी। उधर, इस मामले में बिल्डर पंकज जैन को फोन कर उनका पक्ष जानने की कोशिश की गई, मगर बिल्डर ने फोन नहीं उठाया।