-स्वच्छ शहरों की सूची में गाजियाबाद का नाम टॉप पर लाने के लिए दे फीडबैक
गाजियाबाद। स्वच्छता सर्वेक्षण-2021 के तहत केंद्रीय आवासन एवं शहरी आवास मंत्रालय से चयनित टीमें शहर में सर्वे कार्य में जुटी हैं। शहर को स्वच्छ एवं खूबसूरत बनाने के लिए नगर निगम भी कोई कसर नहीं छोड़ रहा है। उधर, स्वच्छ शहरों की सूची में गाजियाबाद का नाम शीर्ष पर लाने को इस माह के अंत तक आप फीडबैक दे सकते हैं। मोबाइल में स्वच्छ सर्वेक्षण एप, स्वच्छता भारत एप, वोट फॉर सिटी एप का सहारा ले सकते हैं। इसके अलावा टोल फ्री नंबर-1969 पर कॉल कर सकते हैं। कूड़ा निस्तारण से लेकर डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, बरसात से पहले नालों की सफाई से लेकर गार्बेज फ्री शहर बनाने हेतु कूड़ा निस्तारण किया जा रहा है। वहीं, पायल प्रोजेक्ट के रूप में बल्क वेस्ट जनरेट के सहयोग से मोबाइल कंपोस्ट वैन की शुरूआत की गई हैं। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर का कहना है कि इस बार स्वच्छता रैंकिंग-2021 में शहर की अव्वल रैंकिंग लाने के लिए सभी व्यवस्थाएं दुरूस्त कराई जा रही हैं। टीमों द्वारा सर्वे किया जा रहा है। शहर में सफाई व्यवस्था दुरूस्त करने के अलावा कूड़े का बेहतर तरीके से निस्तारण कराया जा रहा है। कूड़े के डलावघर को विलुप्त कूड़ाघर स्थल बनाकर वहां ग्रीनरी बनाई गई। इस बार 6000 अंक का यह सर्वे हो रहा है। शौचालयों की रोजाना साफ-सफाई से लेकर कूड़े के सडक़ों पर जगह-जगह लगने वाले ढेर अब पहले के सापेक्ष कम हो रहे हैं। स्थाई डंपिंग ग्राउंड नहीं होने के बाद कूड़े का बेहतर तरीके से निस्तारण कराया जा रहा है। नगरायुक्त तंवर का कहना है कि गालंद में वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट और डंपिंग ग्राउंड पर पूरा फोकस है। गालंद में करीब 45 एकड़ जमीन मिल चुकी है। बाकी भूमि के लिए किसानों से प्रयास जारी हैं। इस प्लांट के विकसित होने के बाद शहर से निकलने वाले करीब 1200 मीट्रिक टन कूड़े में करीब 1000 मीट्रिक टन कूड़े का प्लांट से निस्तारण हो सकेगा। बता दें कि केंद्र सरकार द्वारा कराए गए स्वच्छता सर्वेक्षण-2020 की रैंकिंग में शहर बुरी तरह से पिछड़ गया। देश में जहां 19वें पायदान पर रहा, वहीं एनसीआर के शहरों में नंबर-1 की रैंकिंग प्राप्त की। वहीं, प्रदेश में नंबर-3 की रैंकिंग पर रहा। स्वच्छता सर्वेक्षण लीग-2020 के पहले और दूसरे क्वार्टर रैंकिंग में गाजियाबाद शहर बुरी तरह से पिछड़ गया। शहर को 6000 अंक में से 4283.26 अंक मिले थे। दिल्ली-एनसीआर के 10 लाख से ज्यादा आबादी वाले शहरों में गाजियाबाद सबसे स्वच्छ शहर है। नगरायुक्त महेंंद्र सिंह का कहना है कि स्वच्छता सर्वेक्षण-2021 में शहर की प्रदेश में नंबर-1 रैंकिंग और देश में अव्वल रैंकिंग लाने के लिए प्रयास जारी हंै। उम्मीद है कि कूड़े का बेहतर तरीके से निस्तारण से लेकर शहर में कराए गए अन्य कार्यों की वजह से इस बार अव्वल रैंकिंग आएगी। शहर वासियों से अपील है कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में अपना योगदान दें।















