नोएडा। बॉडी बनाने के लिए स्टेरॉयड का सेवन करना जिम ट्रेनर को भारी पड़ गया। स्टेरॉयड के कारण बीमार जिम ट्रेनर की रविवार को इलाज के दरम्यान जान चली गई। उधर, पीड़ित परिजनों ने निजी अस्पताल में जमकर हंगामा किया। इसके चलते वहां काफी देर तक अफरा-तफरी मची रही। डॉक्टरों का कहना है कि स्टेरॉयड का निरंतर सेवन करने से जिम ट्रेनर का दिल कमजोर हो गया था। नोएडा के सफार्बाद निवासी आदेश यादव (23) जिम में ट्रेनर था। वह गांव में खुले जिम में ट्रेनिंग देता था। बताया गया कि आदेश मसल्स बढ़ाने के लिए कई साल से स्टेरॉयड के इंजेक्शन लगवा रहा था। इस बीच गत 11 मार्च को उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। हालत खराब होने पर आदेश को नियो अस्पताल सेक्टर-51 में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान रविवार को उसकी मौत हो गई। पीड़ित परिजनों का कहना है कि अस्पताल ने इलाज के दौरान करीब डेढ़ लाख रुपये वसूले हैं। इसे लेकर परिजनों ने हंगामा किया। सूचना मिलने पर सेक्टर—49 थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद पीड़ित परिजनों को सौंप दिया है। उधर, नियो अस्पताल के सीईओ के. जैन का कहना है कि युवाओं को बॉडी बनाने के लिए स्टेरॉयड का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। स्टेरॉयड के इंजेक्शन बॉडी में लगवाने से मसल्स फूल जाती हैं, मगर यह शरीर को धीरे—धीरे अंदर से खोखला कर देती है। स्टेरॉयड दिल के लिए हानिकारक होता है। बताया गया है कि आदेश की मौत भी स्टेरॉयड के इंजेक्शन लेने के कारण हुई है।
















