केमिस्ट एसोसिएशन ने निकाली तिरंगा रैली, 70 क्षय रोगियों को पोषक आहार वितरित

-घर में तिरंगा फहराकर राष्ट्रध्वज का करें सम्मान राजदेव त्यागी

गाजियाबाद। गाजियाबाद केमिस्ट एसोसिएशन द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरादनगर से मुरादनगर ब्लॉक तक आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में सोमवार को तिरंगा यात्रा निकालते हुए राष्ट्रीय गान कर समापन किया गया। तदुपरांत क्षय रोग से ग्रसित 70 मरीजों को प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थ का वितरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर जीपी मथुरिया, डॉक्टर प्रदीप कुमार यादव अधीक्षक मुरादनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व जिला उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री पंकज गर्ग उपस्थित रहे। साथ ही डॉक्टर पीके. दूबे, संजय यादव ने समस्त अतिथियों का स्वागत कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

अध्यक्ष राजदेव त्यागी ने कहा इस बार देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है, इसलिए हम सभी का कर्तव्य है कि अपने घर की छत पर तिरंगा फहराकर अभियान सफल बनाएं। देशभक्ति की भावना हर नागरिक ब देशवासी के मन में होनी चाहिए और हमें आजादी के महत्व को भी समझना चाहिए कि किस तरह भारत के महान क्रांतिकारियों, बलिदानियों ने अपना बलिदान देकर भारत को आजाद करवाया था। उन्होंने बताया इस तिरंगा रैली का उद्देश्य लोगों में देश भक्ति की भावना को जगाना और साथ ही भारत सरकार द्वारा आयोजित होने वाले 13 से 15 अगस्त के हर घर तिरंगा कार्यक्रम में लोगों को ज्यादा से ज्यादा अपने घरों आदि में तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना है।

डॉ जीपी मथुरिया ने कहा टीबी से बचाव के लिए जागरूकता जरूरी है। यदि किसी को बीमारी से जुड़ी किसी प्रकार की संभावना दिखाई दे तो बलगम की जांच जरूर कराएं। क्षय रोग के लिए सभी जांच व उपचार मुफ्त है। ऐसे में लोग अपने आसपास लोगों को क्षय रोग के प्रति जागरूक करें। इस दौरान महामंत्री आर पचौरी, कोषाध्यक्ष यशवनी गोयल, वरिष्ठ मंत्री अमित बंसल, मंत्री संजीव देवकमल, रविंद्र शर्मा, हेमंत त्यागी व मुरादनगर केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष दयानंद त्यागी, महामंत्री प्रदीप शर्मा व बादल शर्मा आदि के साथ मिलकर पोस्टिक आहार का वितरण करते हुए समस्त मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।