उप्र विद्युत मजदूर संगठन की बैठक में कई अह्म निर्णय
लखनऊ। उप्र विद्युत मजदूर संगठन की केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक सोमवार को संगठन के प्रांतीय कार्यालय हमबरा अपार्टमेंट नरही लखनऊ में आयोजित की गई। इस दौरान इंजीनियर आर.एस. राय को संगठन का केंद्रीय अध्यक्ष चुना गया। अध्यक्ष अरुण कुमार द्वारा अस्वस्थ होने के कारण त्याग पत्र दे दिया गया था। त्याग पत्र को स्वीकार कर उनके स्थान पर आर.एस. राय को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। बैठक में संगठन द्वारा पारित एक अन्य प्रस्ताव में भारत सरकार द्वारा विद्युत अधिनियम संशोधन विधेयक लाने का विरोध किया गया।
सरकार से अपील की गई कि जनहित में उक्त संशोधन विधेयक को वापस लिया जाए। संगठन ने टीजी-2 से पदोन्नत पाए अवर अभियंताओं को नियम कानूनों की धज्जियां उड़ाकर तैनाती दिए जाने की आलोचना की है। संगठन के वरिष्ठ नेता आर.एस. राय ने पदोन्नत पाए ऐसे अवर अभियंताओं को जिनकी सेवा मात्र 2 साल से कम बची है, उन्हें सरकार के आदेश के अनुरूप गृह जनपद के आस-पास स्थानांतरित किए जाने के लिए चेयरमैन से अपील की गई। इसके अलावा संगठन विरोधी गतिविधियों में शामिल आरोपों की जांच के बाद सिद्ध पाए जाने पर कार्यवाहक अध्यक्ष शमीम अहमद एवं मुख्य महामंत्री श्रीचंद को संगठन की सदस्यता से निष्कासित करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष आर.एस. राय ने अनुशासनहीनता में लिप्त पाए जाने के आरोपों पर प्रताप सिंह अलीगढ़, आर.सी. पाल, आलोक सिन्हा एवं जलीलुरहमान लखनऊ की सदस्यता निलंबित कर कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। बैठक मे संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष अरुण कुमार के अतिरिक्त आर.वाई शुक्ला, शोएब हसन, हामिद रजा, प्रवीण सिंह, इंद्रेश राय, दिलीप पांडे, राजकुमार यादव, वेद प्रकाश राय, अजय शाही, जितेंद्र कुमार, जितेंद्र राणा, अतुल दूबे, श्याम कुमार श्रीवास्तव, अवनीश श्रीवास्तव, शैलेंद्र कुमार, मनीष श्रीवास्तव, अजय कुमार भट्टाचार्या आदि मौजूद रहे।
















