गाजियाबाद नगर निगम के स्कूल बनेंगे मॉडल स्कूल, संचालित होंगे स्मार्ट क्लास’
उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। नगर निगम के स्कूलों को पब्लिक स्कूलों की तर्ज पर हाईटेक बनाने की योजना पर काम शुरू हो गया है। स्कूल की स्थिति सुधारने और उसे मॉडल स्कूल बनाने को लेकर बनाई गई योजना को अमलीजामा पहनाने का काम शुरू हो गया है। मंगलवार को चीफ इंजीनियर एनके चौधरी ने स्कूलों का निरीक्षण किया और स्थिति का जायजा लिया। चीफ इंजीनियर ने क्षेत्रीय अवर अभियंता को निर्देश दिया कि स्कूल में निर्माण कार्यों को प्राथतिकता के आधार पर कराया जाये।
गाजियाबाद नगर निगम के पांच स्कूल हैं। लेकिन इन स्कूलों की स्थिति अच्छी नहीं कही जा सकती है। अधिकतर स्कूलों में फर्नीचर नहीं है। क्लास रूम की स्थिति अच्छी नहीं है। स्कूलों में ना तो लैब हैं ना ही लाइब्रेरी रूम हैं। यहां तक की कुछ स्कूलों की इमारत भी जर्जर है। स्कूलों की इसी बदहाली को सुधारने के लिए नगर निगम ने योजना तैयार की है। स्कूलों में निर्माण कार्यों पर लगभग 4 करोड़ रुपये खर्च होंगे और नगर निगम के स्कूल में स्मार्ट क्लास रूम की व्यवस्था की जाएगी। चीफ इंजीनियर एनके चौधरी ने मकनपुर, चंद्रपुरी, सिंहानी और कैला भट्टा स्थित स्कूल का निरीक्षण किया। चीफ इंजीनियर ने स्कूल भवन, क्लास रूम सहित अन्य कमरों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान चीफ इंजीनियर के साथ क्षेत्रीय अवर अभियंता भी मौजूद थे।
नगर आयुक्त की प्राथमिकता में है स्कूल
नगर निगम के स्कूलों का कायाकल्प और स्कूलों में स्मार्ट क्लास शुरू करने की योजना नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर की प्राथमिकता में है। नगर आयुक्त की योजना है कि चंद्रपुरी स्थित नगर निगम के स्कूल सहित पांचों जोन में संचालित स्कूलों में स्मार्ट क्लासेज का संचालन हो। पहले चरण में सिविल वर्क कर बिल्डिंग को दुरूस्त कराया जाएगा। कमरों, शौचालयों आदि का निर्माण कराया जाएगा। दूसरे चरण में स्मार्ट क्लासेज के लिए कंप्यूटर, प्रोजेक्टर समेत अन्य उपकरण लगवाए जाएंगे।

नगर आयुक्त के निर्देशानुसार नगर निगम के स्कूलों को मॉडल स्कूल बनाने की योजना पर काम शुरू हो गया है। मैंने स्वयं स्कूलों का निरीक्षण किया। वहां की वर्तमान स्थिति और जरूरत की जानकारी ली। स्कूलों की बिल्डिंग की मरम्मत के साथ लैब, अतिरिक्त कमरें, शौचालय सहित अन्य समस्त जरूरी कार्य कराये जाएंगे। स्कूल के प्राधानाचार्य से भी इस बाबत जानकारी ली गई। जेई को आवश्यक निर्देश दिये गये हैं।
एनके चौधरी
चीफ इंजीनियर
गाजियाबाद नगर निगम















