गाजियाबाद। नगर निगम के मुख्य अभियंता एनके चौधरी ने सिटी और मोहन नगर जोन में निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता को जांचा-परखा। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर वह निरीक्षण करने निकले। ऐस में मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। चीफ इंजीनियर एनके चौधरी ने सिटी और मोहन नगर जोन में नगर निगम द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। शहर में नगर निगम की तरफ से विभिन्न कार्य कराए जा रहे हैं।
इन कार्यों की गुणवत्ता पर पूरा ध्यान दिया गया है। चीफ इंजीनियर ने सिटी जोन में कैला भट्टा जाकर वहां कराए जा रहे निर्माण कार्यों को देखा। कैला भट्टा में नगर निगम के स्कूल के पास पार्किंग स्थल का निर्माण कराया जा रहा है। इस पार्किंग स्थल में भविष्य में विभागीय वाहन खड़े हो सकेंगे। इससे वाहनों को पार्क करने के लिए स्थान मिल सकेगा। पार्किंग स्थल के निर्माण कार्य का जायजा लेने के बाद चीफ इंजीनियर ने कार्य की गुणवत्ता का ध्यान रखने के निर्देश मातहतों को दिए।
इसके अलावा मोहन नगर जोन में पप्पू कॉलोनी का दौरा किया गया। पप्पू कॉलोनी में पिछले दिनों स्कूल की दीवार गिरने की घटना प्रकाश में आई थी। दीवार का निर्माण कार्य नगर निगम द्वारा कराया जा रहा है। वहां भी चीफ इंजीनियर ने कार्य की गुणवत्ता पर जोर दिया। उन्होंने मातहतों से कहा कि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बरदाश्त नहीं की जाएगी।
किसी प्रकार की लापरवाही बरदाश्त नहीं
चीफ इंजीनियर एनके चौधरी का कहना है कि शहर में जहां जरूरत है, वहां विकास कार्य कराए जा रहे हैं। निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जा सके, इसके लिए मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद भी यदि कोई शिकायत मिलती है तो उचित कार्रवाई की जाएगी।














