गाजियाबाद। शहर में सिटी फॉरेस्ट (बायोडायवर्सिटी पार्क) विकसित करने के लिए नगर निगम प्रयास तेज कर दिए हैं। महामाया स्पोट्र्स स्टेडियम के पीछे करीब 63 एकड़ भूमि पर बायोडायवर्सिटी पार्क को विकसित किया जाना है। इसके लिए निविदा आमंत्रित की गई हैं, जिसकी अंतिम तिथि 27 जून निर्धारित की गई है। यह स्थल भविष्य में खूबसूरत पिकनिक स्पॉट के तौर पर भी अपनी पहचान कायम कर सकेगा। नगर निगम द्वारा प्रस्तावित बायोडायवर्सिटी पार्क को विकसित करने पर लगभग 12 करोड़ 74 लाख रुपए खर्च होने का अनुमान है।
इस प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारने के लिए नगर निगम भी काफी उतावला है। उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह ने बताया कि पार्क में 300 से 400 प्रजातियों के पौधे रोपित किए जाएंगे। पार्क के विकास और खूबसूरती के लिए तकनीकी संसाधनों का भी इस्तेमाल किया जाएगा। भविष्य में यह स्थल शहरवासियों के लिए बेहद लाभकारी सिद्ध होगा। उद्यान प्रभारी डॉ. सिंह ने बताया कि महापौर आशा शर्मा तथा नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर बायोडायवर्सिटी पार्क को विकसित करने के लिए निविदा आमंत्रित की गई है।
हालांकि पूर्व में भी निविदा आमंत्रित की गई थीं, मगर आचार संहिता व अन्य कारणों से यह कार्यवाही पूर्ण नहीं हो पाई थी। इसके अलावा पूर्व में टेंडर भी निकाले गए थे, मगर किसी फर्म ने प्रतिभाग नहीं किया था। उन्होंने बताया कि अब तीसरी बार निविदा आमंत्रित की गई हैं, जिसमें इच्छुक ठेकेदार या कंपनियां 27 जून से पहले आवेदन कर सकती हैं। बायोडायवर्सिटी पार्क को विकसित करने में 10 माह का समय निर्धारित है तथा ठेकेदार या फर्म के पास 5 वर्ष का अनुभव उक्त क्षेत्र में अनिवार्य बताया गया है। उक्त पार्क में टेंडर करने के लिए अन्य नियम एवं शर्तें भी दी गई है। जिन्हें ध्यान में रखकर फर्म टेंडर में प्रतिभाग कर सकती हैं। 
शहर के बीचों-बीच आधुनिक तकनीकी से युक्त एक ऐसे पार्क का विकास किया जाएगा, जिसमें रिसर्च सेंटर का भी प्रबंध रहेगा। पार्क में पौधों की सिंचाई के में इस्तेमाल पानी को तकनीकी के माध्यम से स्वच्छ किया जाएगा। शहरवासियों के लिए सिटी फॉरेस्ट के रूप में बायोडायवर्सिटी पार्क एक अमूल्य धरोहर के रूप में होगा, जिससे भावी युवा पीढ़ी को भी विशेष लाभ प्राप्त होगा। नगर निगम द्वारा शहर हित में विभिन्न योजनाएं बनाई जा रही हैं, जिसमें बायोडायवर्सिटी पार्क एक विशेष योजना है।
महेंद्र सिंह तंवर
नगरायुक्त
गाजियाबाद नगर निगम
















