सुबह सुनी शिकायतें शाम में अधिकारियों को किया जवाब तलब

मेयर और म्युनिसिपल कमिश्नर ने निगम परिसर में सुनी लोगों की समस्या

गाजियाबाद। मेयर आशा शर्मा और म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने शुक्रवार को नगर निगम परिसर में संयुक्त रूप से जन-शिकायतों की सुनवाई की। इस दरम्यान प्राप्त शिकायतों का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। जन-चौपाल की तर्ज पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं, दिन में शिकायतें सुनने के बाद शाम को म्युनिसिपल कमिश्नर ने अधिकारियों से जवाब तलब किया। शुक्रवार को नगर निगम परिसर में मेयर आशा शर्मा और म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने फरियादियों की सुनवाई की।

ऐसे में कुछ पार्षदों ने भी अपने-अपने वार्ड से संंबंधित समस्याओं को उठाया। मेयर आशा शर्मा का कहना है कि समस्याओं के निदान में नगर निगम किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरत रहा है। जो भी समस्या सामने आती है, जल्द से जल्द उसका निदान कराने की कोशिश की जाती है ताकि नागरिकों की मुश्किलें कम हो सकें। इस अवसर पर पार्षद रेखा जैन, वीरेंद्र त्यागी, नरेश जाटव के अलावा अपर नगरायुक्त प्रमोद कुमार और स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम) के नोडल अधिकारी अरुण कुमार मिश्रा आदि मौजूद रहे। वहीं, शाम को म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने कैंप कार्यालय पर अधिकारियों से जवाब तलब किया। शहर की समस्याओं के निस्तारण के साथ-साथ शहर को सुंदर स्वच्छ बनाने के लिए म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर प्रतिदिन अधिकारियों के साथ कार्यों की बैठक करते हैं।

म्युनिसिपल कमिश्नर प्रतिदिन शहर का निरीक्षण तथा अपरान्ह: में जन-सुनवाई के माध्यम से पार्षदों व जनता की शिकायतों को सुनने के बाद शाम को अधिकारियों के साथ बैठक करते हैं। बैठक में स्वच्छ सर्वेक्षण-2021 में नंबर वन बनाने के लिए शहर की समस्या का निस्तारण, सुंदर-स्वच्छ बनाने के लिए किए जा रहे कार्यों की रिपोर्ट तलब की जाती है।

वहीं, इस दौरान कार्यों में सुधार के साथ एक नये कार्यों की प्रेरणा देते हुए नई जिम्मेदारी दी जाती है। इस दौरान एसबीएम के नोडल अधिकारी अरुण कुमार मिश्रा, स्वास्थ्य विभाग प्रभारी डॉॅ. मिथिलेश, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार, जलकल प्रभारी योगेंद्र यादव आदि अधिकारी उपस्थित रहे।