गाजियाबाद। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय वर्मा ने केंद्र सरकार की नीतियों पर जमकर हमला बोला है। उनका कहना है कि मोदी सरकार के अब तक के कार्यकाल में देश आगे बढ़ने की बजाए और पीछे पहुंच गया है। विकास की रफ्तार थमने के साथ महंगाई और बेरोजगारी की समस्या से जनता को निजात नहीं मिल पाई है बल्कि यह समस्याएं और बढ़ी हैं। आंकड़ों को देखने पर मोदी सरकार की असलियत सामने आ जाती है। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय वर्मा का कहना है कि मोदी सरकार सिर्फ मार्केटिंग के जरिए खुद को अच्छा और सच्चा साबित करने की कोशिश में जुटी है। धरातल पर परिस्थतियों में कोई बदलाव नहीं आया है। उलटा समस्याएं और बढ़ गई हैं।
उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी संवैधानिक पद पर नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संवैधानिक पद पर बैठे हैं। अलबत्ता पीएम मोदी की देश, समाज और नागरिकों के प्रति ज्यादा जिम्मेदारी है। उन्हें देश एवं समाजहित में ज्यादा काम करना चाहिए था। ऐसा वह कर नहीं पाए हैं। कांग्रेस नेता कहा कि काशी विश्वाथ मंदिर या काशी विश्वनाथ कॉरिडोर से कांग्रेस को कोई प्रॉब्लम नहीं है। संवैधानिक पद पर होने के कारण पीएम मोदी देश, समाज औश्र नागरिकों के प्रति जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि भारत में महंगाई का बुरा हाल है।
इस समय महंगाई सबसे उच्चतम स्तर पर पहुंच चुकी है है। आंकड़ों को उठाकर देखेंगे तो सच्चाई सामने आ जाएगी। संसद की स्थिति और देश की स्थिति खराब है। देश में बेरोजगारी की समस्या नंबर वन पर है। विश्व गुरु बनने की चाहत हम रखते हैं, मगर हालात सुधारे नहीं जा रहे हैं। वर्ल्ड हैप्पीनेस में भारत की स्थिति में पहले के मुकाबले गिरावट आई है। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि देश में सिर्फ 5 से 10 घरानों की पूंजी निरंतर बढ़ती जा रही है, मगर नागरिक और छोटे व्यापारियों की आय में वृद्धि की बजाए कमी आ रही है।
पीएम मोदी की योजना थी कि पिंचर लगाओ, दुकान खोलो, पकोड़े बेचो, आज वह लोग भूखे मरने को विवश हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सत्ता भोगी और फोटो शॉपी हैं। भाजपा को जनहित में वर्क करने से कोई मतलब नहीं है। उन्होंने देश में विकास की गति पर भी सवाल उठाया। कांग्रेस नेता ने कहा कि विकास की गति में भारत का मामला कहां खो गया है, कहां गुम हो गया है, यह देश-विदेश के लोग आज पूछ रहे हैं।
विकास की रफ्तार थम गई है। नागरिक परेशान हैं। कांग्रेस नेता अजय वर्मा ने पश्चिम बंगाल के जरिए भी भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में नगर पालिका चुनाव की गरिमा को खत्म कर दिया गया। वहां पीएम मोदी के 10-15 दौरे कराए गए। इसके बावजूद भाजपा को वह फायदा नहीं मिल पाया, जिसके लिए वह लालायित थी।















