कोरोना की जांच और वैक्सीनेशन कराना टेड़ी खीर

गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण को लेकर मच रहे कोहराम के साथ अब कोरोना की जांच और टीकाकरण कराने के लिए लोगों की सेंटरों पर भीड़ उमड़ रही है। मगर स्वास्थ्य विभाग इसमें भी फेल हो रहा है। सरकारी केंद्रों पर वैक्सीनेशन के लिए टोकन व्यवस्था है,इसलिए लोगों की भीड़ सुबह 8 बजे से ही लगना शुरू हो जाती है। सेंटरों पर सुबह 9 बजे से 10 बजे तक टोकन वितरित किए जाते हैं। उसके बाद वैक्सीनेशन किया जाता है लेकिन टोकन वितरण के समय पर अधिकतर केंद्रों पर स्टाफ पहुंचता ही नहीं है।साहिबाबाद के शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-1 में नगरीय स्वास्थ्य केंद्र में गुरुवार को टोकन लेने के लिए लोग लाइन में सुबह आठ बजे से लगना श्ुारू हो गए थे। केंद्र खुलने व टोकन वितरण करने के लिए सुबह 10 बजे तक केंद्र पर ताला लटका मिला। ऐसा ही अस्पताल में हो रहा है। पैरामेडिकल स्टाफ और डॉक्टर समय पर नहीं पहुंच पा रहे है। लोग टोकन लेने के लिए सुबह से ही धूप में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे।स्वास्थ्य केंद्रों का हाल ऐसा ही है। स्टाफ के समय से न पहुंचने के कारण लोगों को दिकतों का सामना करना पड़ रहा है। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय जहां रोजाना समीक्षा करने की बात कह रहे है। वहीं,व्यवस्था पूरी तरह से जिले में चरमा रही हैं। केंद्रों पर मौजूद स्टॉफ जिलाधिकारी के निर्देशों की खूब धज्जियां उड़ा रहे हैं। सुबह से ही लोग लाइन में लग गए। घंटों तक खड़े रहने के बाद लोगों की जांच हो सकी। राजेंद्र नगर सेक्टर-2 स्थित ईएसआइसी अस्पताल में कोरोना की जांच कराने के लिए लोग सुबह छह बजे से ही पहुंचने लगे। लोगों को टोकन दिया गया,जिससे नंबर को लेकर अव्यवस्था न हो। भीड़ ज्यादा होने पर अस्पताल का गेट बंद कर दिया गया, जिससे अस्पताल में भीड़ न बढ़े। सुबह नौ बजे टीम अस्पताल पहुंची। इसके बाद कोरोना की जांच शुरू हुई। किट खत्म होने के बाद दोबारा मंगवानी पड़ी। यहां कुल 224 लोगों की जांच हुई, जिसमें 26 लोग एंटीजन टेस्ट रिपोर्ट में कोरोना संक्रमित मिले। सभी को होम आइसोलेशन में रहने की हिदायत दी गई। वहीं, इंदिरापुरम के मकनपुर, वैशाली और प्रहलादगढ़ी के स्वास्थ्य केंद्रों पर भी कोरोना रोधी टीका लगवाने वालों की भीड़ रही। इनके अलावा आरटी-पीसीआर जांच के लिए भी लोग भटक रहे है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य केंद्रो सहित गुरुद्वारा और सोसाइटियों में लगाए गए शिविर में अधिकांश स्थानों पर केवल एंटीजन जांच हो रही है। ऐसे में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जांच कराने नगरीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे तो कोरोना जांच के लिए लगी लंबी लाइन में घंटो इंतजार करने के बाद नंबर आया तो केवल एंटीजन का जांच हुई।