15 अगस्त तक बदलेगा नजारा, लक्ष्य पूरा करने को जोरों पर काम
गाजियाबाद। 15 अगस्त से पहले शहर को हरा-भरा बनाने के लिए नगर निगम युद्धस्तर पर जुटा है। इसके तहत जगह-जगह पौधरोपण किया जा रहा है। तालाबों को भी हरा-भरा रखने को प्रयास किए गए हैं। भविष्य में यह तालाब कूड़ा-करकट की बजाए हरियाली फैलाते दिखाई देंगे। पौधरोपण से पर्यावरण में सुधार होने के साथ-साथ शहर की सुदंरता भी बढ़ेगी। मानसून के मौसम में नगर निगम ने शहर को हरा-भरा करने की मुहिम छेड़ रखी है। इसके अंतर्गत सिटी, कविनगर, विजय नगर, मोहन नगर एवं वसुंधरा जोन में निरंतर पौधरोपण अभियान चलाया जा रहा है। पार्कों, ग्रीन बेल्ट, खाली मैदान और तालाबों इत्यादि में विभिन्न प्रजातियों के छायादार एवं फलदार पौधे रोपित किए जा रहे हैं।
आने वाले समय में यह पौधे वृक्ष का आकार लेकर शहर की खूबसूरती में चार चांद लगाने का काम करेंगे। नगर निगम के उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार के मुताबिक 15 अगस्त से पूर्व शहर में उद्यान विभाग द्वारा कई हजार पौधे लगा दिए जाएंगे, जिससे ना केवल शहर को अच्छा पर्यावरण मिलेगा बल्कि शहर की सुंदरता को बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर उद्यान विभाग इस मुहिम को चला रहा है। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर उप्र शासन की तरफ से नगर निगम को पौधरोपण का लक्ष्य दिया गया है।

इस लक्ष्य को पूरा कर लिया जाएगा। शहर में पौधरोपण अभियान में पार्षदों के साथ-साथ क्षेत्रीय नागरिकों से अपील की गई है कि वह अपने आसपास अधिक से अधिक पौधरोपण करें, जो कि हर शहरवासी की जिम्मेदारी है। उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार ने बताया कि नगर निगम द्वारा सामाजिक संस्थाओं को साथ में लेकर सभी तालाबों पर भी पौधरोपण करा रहा है। जिसके क्रम में मकनपुर तालाब पर एक हजार पौधे लगाए गए हैं। इसी प्रकार अन्य तालाबों के चारों तरफ फलदार एवं छायादार पौधों को लगाया जाएगा।
प्रत्येक तालाब पर एक हजार पौधे लगाने की योजना बनाकर काम किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त शहर के मुख्य चौराहों, ग्रीन बेल्ट, पार्कों, सड़कों के किनारे, सरकारी स्थानों, प्रतिष्ठानों व अन्य उचित स्थानों पर वृहद स्तर में पौधरोपण करने की कार्यवाही लगातार जारी है। सभी पार्षदों का विशेष सहयोग भी पौधरोपण अभियान में मिल रहा है। सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से शहरवासी भी अपना योगदान पर्यावरण सुधार की इस मुहिम में दे रहे हैं। 15 अगस्त तक पौधरोपण का लक्ष्य पूर्ण कर लिया जाएगा।
















