सिद्धार्थ विहार में लगे कूड़े के पहाड़ को निगम देगा नई पहचान, 3 एकड़ भूमि पर जल्द लहराएंगे वृक्ष

-हरनंदी नगर वन की प्रगति का नगर आयुक्त ने लिया जायजा

गाजियाबाद। सिद्धार्थ विहार पहले जहां कूड़े के पहाड़ के नाम से जाना जाता था, अब उसकी पहचान को नगर निगम बदलने का काम कर रहा है। दरअसल नगर निगम ने उक्त कूड़े के पहाड़ को समतल कर कचरे का निस्तारण करते हुए खाद्य और आरडीएफ निकाला गया। कचरा निस्तारण के उपरांत नगर निगम उद्यान विभाग द्वारा हजारों पौधे लगाने की तैयारी कर रहा है। जिसका गुरुवार को नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने अधिकारियों के साथ जायजा लिया। नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि सिद्धार्थ विहार डंप साइट जहां पर कूड़े के पहाड़ नजर आते थे। वहीं पर कूड़ा निस्तारण करते हुए उक्त स्थान को समतल कराते हुए लगभग 3 एकड़ भूमि पर कई हजार वृक्ष लगाने की कार्य योजना तैयार की गई है।

विजयनगर जोन में प्रथम चरण में लगभग 40 से 50 हजार पौधे लगाए जाएंगे। पौधे लगने से यहां की गंदगी से लोगों को राहत मिलेगी और एक स्वस्थ सुंदर वातावरण मिलेगा। शहर के लोगों को स्वच्छ वातावरण देने के लिए नगर निगम द्वारा ऐसा वन तैयार किया जा रहा है। जो हिंडन नदी के समीप स्थित है हरनंदी नगर वन रूप में प्रसिद्ध होगा। नगर आयुक्त ने जायजा लिया, जिसमें 10 हजार पौधे लगा दिए गये है। उक्त स्थान पर अलग-अलग पैच बनाकर पौधारोपण किया जाएगा। जिसमें अलग-अलग प्रकार के पौधे लगाए जाएंगे। मुख्य रूप से औषधि के पौधे भी लगाए जाएंगे। उक्त स्थान पर मिट्टी डालने का कार्य जोरों पर चल रहा है।

जिसके लिए संबंधित अधिकारी को नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि समय रहते काम को बेहतर तरीके से किया जाए। ताकि जल्दी ही पौधारोपण का कार्य आगे बढ़ाया जा सकें। शहर के हर हिस्से पर नगर निगम द्वारा अपनी नजर बनाए हुए हैं। नगर आयुक्त द्वारा पर्यावरण का विशेष ध्यान रखते हुए शहर को कचरा मुक्त बनाने का काम किया जा रहा है। साथ ही पौधारोपण पर भी नगर निगम का मुख्य रुप से ध्यान है। निरीक्षण के दौरान पौंड मैन रामवीर, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मिथिलेश कुमार उपस्थित रहे।