नंदी पार्क में निगम लगाएगा 10 अग्निशमन यंत्र 

गाजियाबाद। इंदिरापुरम क्षेत्र के कनावनी में श्रीकृष्ण गोशाला में भीषण आग लगने से हुई 40 गाय-बछड़ों की मौत के बाद अब नगर निगम ने भी नंदी पार्क गोशाला में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की तैयारी शुरू कर दी है। जिससे समय रहते आगजनि के हादसों पर काबू पाया जा सकें। नंदी पार्क गोशाला में 10 अग्नि शमन यंत्र लगाए जाएंगे। नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर के आदेश पर निगम ने नंदी पार्क गोशाला में रखे गए पशुओं की देखभाल और पुख्ता सुरक्षा की निगम की ओर से तैयारी कर दी गई हैं।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी एवं निगम अधिकारी नियमित रूप से अब नंदी पार्क गोशाला का निरीक्षण भी करेंगे। नगर निगम के पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. अनुज कुमार सिंह ने बताया कि कनावनी गोशाला की घटना दुखद है। इस घटना को देखते हुए हिंडन नदी के पास नगर निगम द्वारा संचालित नंदी पार्क गोशाला में अब सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। डॉ.अनुज कुमार सिंह ने बताया कि नंदी पार्क गोशाला में गाय-बछड़ों को मिलाकर लगभग 1500 गोवंश हैं।
सुरक्षा के लिहाज से किसी भी गोवंश को बांधकर नहीं रखा जाता। आसपास कोई भी ज्वलनशील पदार्थ नहीं है। उन्होंने बताया कि नंदी पार्क गोशाला की सुरक्षा के लिए वहां पर अब 10 अग्निश्मन यंत्र लगाए जाएंगे। ताकि आग लगने पर जल्दी काबू पाया जा सके। इसके अलावा कई जगह पानी भरने की व्यवस्था कराई जा रही हैं।
इसके लिए गड्ढे खुदवाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि अभी तक निगम के पशु चिकित्सक ही रोजाना गौशाला का निरीक्षण कर रहे थे, लेकिन अब मुख्य पशु चिकित्साधिकारी भी निरीक्षण करेंगे। गौशाला में गोवंश के बीमार होने पर उनका तुंरत उपचार कराया जाएगा।वहीं सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए जाएंंगे।