शीत लहर में निराश्रितो के लिए निगम की अलाव व्यवस्था बनी संजीवनी

गाजियाबाद। पहाड़ी क्षेत्रों में हुई बर्फबारी से मैदानी क्षेत्रों में शीत लहर का प्रकोप जारी है। शीत लहर के चलते आम जन मानस हाल बेहाल कर दिया है। दिन भर सूर्य देव ने भी दर्शन नहीं होने से लोग सर्दी से बचने के लिए घरों में हीटर व अलाव का सहारा ले रहे हैं। लोग सर्दी से ठिठुरते नजर आ रहे हैं। शीत लहर का प्रकोप दिनों दिन बढ़ता जा रहा है। जिससे आम जन मानस बेहाल है। चौराहों व तिराहों पर नगर निगम द्वारा की गई अलाव की व्यवस्था संजीवनी का काम कर रही है। बेघर एवं निराश्रित व्यक्तियों के लिए नगर निगम द्वारा रैन बसेरों की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही सैकड़ों चौराहों पर अलाव की व्यवस्था भी की गई है। प्रत्येक जोन में जोनल प्रभारियों की देखरेख में आवश्यक चौराहों पर, धार्मिक स्थलों के बाहर, चिकित्सालयों के बाहर, रेलवे स्टेशन बस अड्डा तथा अन्य ऐसे स्थान जहां पर निराश्रित लोग असहनीय ठंड से जूझ रहे होते हैं। वहां पर पर्याप्त मात्रा में अलाव के लिए लकडिय़ों की व्यवस्था कराई जा रही है। उद्यान प्रभारी डॉ अनुज ने बताया कि शरद ऋतु के पुन: आगमन पर लकड़ी की व्यवस्था शीत लहर के अनुरूप बढ़ा दी गई है तथा रात्रि के समय लगभग 144 स्थानों पर प्रतिदिन अलाव की व्यवस्था मेयर एवं नगर आयुक्त के निर्देश पर कराई जा रही है। जिसमें पार्षदों का भी सहयोग प्राप्त हो रहा है। आश्रय स्थलों में भी व्यक्तियों को सर्दी से बचाव के लिए अलाव की व्यवस्था की गई है। ताकि बेसहारा लोगों को सर्दी से राहत मिल सकें।