गाजियाबाद। भारत सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्री और आवास और शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बुधवार को यशोदा सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल कौशांबी में कोविड-19 का टीका लगावाया। मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने टीका लगवाने के बाद वी फॉर विक्ट्री एंड वी फॉर वैक्सीन को इंगित करते हुए हाथ हिला कर सभी वरिष्ठ नागरिकों एवं सहरुग्णता वाले लोगों को टीका लगवाने के लिए प्रेरित किया। वहीं यशोदा सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के प्रबंधन एवं कोविड-19 का टीकाकरण कर रही टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होने कहा कोरोना वैक्सीन लोगों के लिए पूरी तरह से सुरक्षित है।
इसकी सुरक्षा और प्रभावकारिता के आधार पर राष्ट्रीय नियामक से मंजूरी मिलने के बाद ही देश में टीकाकरण शुरू हुआ है। कोरोना संक्रमण से ठीक हुए व्यक्ति को भी टीका लगवाने की जरूरत है। कोरोना वैक्सीन बीमारी के खिलाफ एक मजबूत प्रतिरक्षा प्रतिक्रिया विकसित करने में मदद करता है। यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है। किसी को कोई दिक्कत नहीं हुई। इसलिए अपना नंबर आने पर सभी लोग टीका जरूर लगवाएं। सरकार द्वारा जारी की गई गाइडलाइन का पालन करें। अपने घर से बाहर निकलते समय मास्क एवं सेनेटाइज का प्रयोग करें।
















