श्मशान घाट हादसे में कांग्रेस के बाद अब रालोद ने भी पुलिस प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप

पीड़ित परिवारों सें रालोद के प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात  कहा हादसे में पर्दे के पीछे छिपे असली गुनहगार को बचाने का चल रहा है खेल 

गाजियाबाद। मुरादनगर श्मशान घाट हादसा के पीड़ित परिवारों के बीच शनिवार को राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) का प्रतिनिधिमंडल पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात करने के अलावा घटनास्थल का भी दौरा किया। रालोद नेताओं ने आरोप लगाया कि इस हादसे में पर्दे के पीछे छिपे दोषियों को बचाने के प्रयास हो रहे हैं। भ्रष्टाचार के खेल में भाजपा के नेता भी शामिल हैं।

रालोद नेता जयंती चौधरी के निर्देश पर पार्टी प्रतिनिधिमंडल शनिवार को मुरादनगर पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल में क्षेत्रीय अध्यक्ष यशवीर सिंह, क्षेत्रीय महिला अध्यक्ष रमा नागर, पूर्व एमपी मुंशी रामपाल, डॉ. राजकुमार सांगवान, पूर्व विधायक सुखबीर सिंह, नरेंद्र सिंह खजूरी, चेयरमैन अमरजीत सिंह बिड्डी, अजय पाल प्रमुख, पूर्व विधायक सुदेश शर्मा, तेजपाल सिंह, संजीव ढिंडार, कपिल चौधरी, अशोक चौधरी, भूपेंदर बॉबी, राम भरोसे लाल मौर्य, ललित सेन आदि शामिल रहे। रालोद प्रतिनिधिमंडल ने पहले श्मशान घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान सरकार से मांग की गई कि हादसे में जो भी दोषी हैं, उन्हें कठोर कारावास की सजा दिलवाई जाए और जो हानि हुई है, उसकी रिकवरी भी भ्रष्टाचारियों से की जाए ताकि आगे से कोई भी अधिकारी और ठेकेदार इस तरह किसी के जीवन से खेलने का काम ना करे। सरकार दोषियों को पकड़े और जो लोग पर्दे के पीछे हैं, उन्हें बचाने का काम सरकार ना करे। रालोद नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार दोषियों को बचाने में लगी है। भ्रष्टाचार के खेल में भाजपा के लोग भी शामिल हैं। इसकी भी जांच होनी चाहिए।