गाजियाबाद। दिल्ली से सस्ती शराब लाकर गाजियाबाद एवं गौतमबुद्ध नगर में खुलेआम या चोरी-चुपके जाम छलकाना भारी पड़ सकता है। रंगे-हाथों पकड़े जाने पर ना सिर्फ बदनामी होगी बल्कि कानूनी कार्रवाई का भी सामना करना पड़ेगा। दिल्ली में शराब सस्ती होने के बाद गाजियाबाद एवं गौतमबुद्धनगर में तस्करी की संभावना बढ़ गई है। इसके मद्देनजर अब बॉर्डर से सटी शराब की दुकानों के विक्रेताओं पर आबकारी विभाग की टीमें शिकंजा कसने की तैयारी में हैं। मेरठ जोन के संयुक्त आबकारी आयुक्त महेंद्र सिंह ने सोमवार को जिला आबकारी अधिकारी कार्यालय में गाजियाबाद एवं गौतमबुद्धनगर के आबकारी अधिकारियों एवं कंपनी प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
संयुक्त आबकारी आयुक्त महेंद्र सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि दिल्ली सीमा से सटी शराब की दुकान विक्रेता सस्ती दरों पर शराब की बिक्री किए जाने से गाजियाबाद एवं नोएडा में तस्करी बढ़ गई है। बॉर्डर से सटी दुकानों पर शिकंजा कसा जाए। संयुक्त आबकारी आयुक्त महेंद्र सिंह ने कार्यालय में जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह, गौतमबुद्धनगर के जिला आबकारी अधिकारी राकेश बहादुर सिंह एवं दुकानों के अनुज्ञापी, कंपनी प्रतिनिधि सैनिक फ्रूट्स प्राइवेट लिमिटेड दिल्ली के प्रतिनिधि शिवकुमार, ट्राइडेंट कैम्फर लिमिटेड कंपनी के वेंकटाचलपती, एल्को मार्ट लिकर शॉप राजेश यादव, भगवती ट्रांसफॉर्मर लिमिटेड के प्रतिनिधि श्रेष्ठ कालरा आदि के साथ बैठक की।
बैठक में शराब ठेकेदारों ने बताया कि दिल्ली राज्य की शराब के मूल्यों में भारी छूट के साथ शराब की बिक्री की जा रही हैं। इससे गाजियाबाद व नोएडा समेत प्रदेश के शहरों में शराब की तस्करी बढ़ गई है। इसका सबसे बड़ा प्रभाव सीमावर्ती जनपदों के राजस्व पर पड़ रहा है। संयुक्त आबकारी आयुक्त ने अनुज्ञापियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सीमावर्ती दुकानों से शराब के मूल्य में छूट देना एवं प्रदेश में शराब की तस्करी कराना बंद कर दें। अन्यथा आपके खिलाफ एफआईआर दर्ज करा विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इसके लिए शराब की दुकानों पर छूट को दृष्टिगत विक्रेताओं को निर्देशित किया कि खरीदारों को अधिक मात्रा में शराब की बिक्री न की जाए। दिल्ली राज्य की शराब किसी जनपद में पकड़ी जाती है तो संबंधित दुकान के विक्रेता एवं अनुज्ञापी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। पिछले दिनों सैनिक फ्रूट्स प्राइवेट लिमिटेड दिल्ली एवं ट्राइडेंट कैम्फर प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई हैं।
शराब के मूल्य पर जो छूट दी जा रही है। उसे तत्काल बंद किया जाए। संयुक्त आबकारी आयुक्त ने दोनों जनपदों के जिला आबकारी अधिकारी को निर्देशित किया कि दिल्ली बॉर्डर पर रोजाना आबकारी निरीक्षकों की टीमों द्वारा विशेष चेकिंग अभियान जारी रख कार्रवाई की जाए। दिल्ली से शराब लेकर आने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। कंपनी के प्रतिनिधियों ने आश्वस्त किया कि दिल्ली की दुकानों पर शराब की छूट शून्य की जाएगी।
















