- तस्करों के साथ आबकारी विभाग के निशाने पर शराब की खाली बोतल
- होटल, बार, रेस्टोरेंट में अभियान चलाकर शराब की 300 खाली बोतल को कराया नष्ट
उदय भूमि
गाजियाबाद। जिले में अवैध शराब के कारोबार को पूरी तरह से जड़ से खत्म करने के लिए आबकारी विभाग ने मोर्चा संभाला हुआ है। आबकारी विभाग अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के साथ शराब विक्रेता और बार संचालकों पर भी कार्रवाई करने से परहेज नहीं कर रहा है। होटल, बार एवं रेस्टोरेंट में आबकारी विभाग से ऑकेजनल लाइसेंस लेने के बाद शराब पार्टी करने वालों की निगरानी रखने के लिए अपने मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया हुआ है। इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम ने आबकारी विभाग से लाइसेंस लेने के उपरांत शराब पार्टी करने वाले होटल, बार एवं रेस्टोरेंट में पहुंच कर शराब बिक्री के पश्चात खाली बोतलों का स्टॉक रजिस्टर से मिलान करते हुए खाली बोतलों को तत्काल मौके पर नष्ट कराया। बोतलों को नष्ट कराने का उद्देश्य यह कि शराब बिक्री उपरांत कोई होटल, बार एवं रेस्टोरेंट संचालक उस खाली बोतल का दुरुपयोग न कर सकें।
अभी तक गाजियाबाद में तो नहीं मगर नोएडा क्षेत्र में एक ऐसे ही मामले का खुलासा हुआ था। जहां होटल संचालक महंगी शराब की बोतल खाली होने के उपरांत उसके अंदर सस्ती शराब भरकर ग्राहकों को परोसता था। इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए आबकारी विभाग अपनी कार्रवाई को अंजाम दे रहा है। आबकारी विभाग का मकसद सिर्फ लाइसेंस देना ही नहीं है। बल्कि लाइसेंस देने के उपरांत होटल, बार एवं रेस्टोरेंट सचालकों पर नजर भी रखता है। जिससे उक्त होटल, बार एवं रेस्टोरेंट में लाइसेंस लेने के उपरांत बाहरी राज्यों की शराब का सेवन और खाली बोतल का दुरुपयोग तो नहीं हो रहा है। बोतलों को नष्ट करने की कार्रवाई बीच-बीच में लगातार जारी रहती है।
इसी के साथ लाइसेंसी शराब की दुकानों के पास खुली कैंटीन में भी इस तरह की कार्रवाई होती रहती है। जिसमें विक्रेताओं को भी सख्त निर्देश दिए गए है कि कैंटीन में शराब पिलाने के बाद खाली बोतलों को एकत्रित करें और उसको नष्ट किया जाए। अगर किसी कबाड़ी को खाली बोतल बेच भी रहे है तो उसका पूरा बायोडाटा अपने पास रखें। जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने बताया उत्तर प्रदेश शासन एवं आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेश के क्रम में अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन पर पूर्णत: अंकुश लगाने के लिए जिले में चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार व रविवार को आबकारी निरीक्षक हिम्मत सिंह की टीम द्वारा बार अनुज्ञापनों/ओकेजनल बार अनुज्ञापनों/ रेस्टोरेंट की चेकिंग की गई। सभी रेस्टोरेंट/ओकेजनल बार/ रेस्टोरेंट बार संचालकों को उनके परिसर में अन्य प्रांत की शराब पाये जाने एंव बिना लाइसेंस शराब पिलाए जाने की स्थिति में नियमानुसार सख्त कार्यवाही करने की चेतावनी दी गई।
साथ ही बार अनुज्ञापनों में बिक्री के पश्चात खाली बोतलों का स्टॉक रजिस्टर से मिलान करते हुए करीब 300 खाली बोतलों को नियमानुसार नष्ट करवाया गया। जिससे उक्त खाली बोतल का पुन: संचालक द्वारा दुरुपयोग न कर सकें। साथ ही संचालकों को चेतावनी दी गई कि अगर बिना लाइसेंस के शराब का सेवन और बाहरी राज्यों की शराब मिलने पर लाइसेंस निरस्त करने के साथ एफआईआर भी दर्ज होगी।
अवैध व मिलावटी शराब पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा देशी व अंग्रेजी शराब की खाली बोतल नष्ट कराने के सम्बन्ध में अनुज्ञापियों को निर्देश दिये गए। इस कार्य में शराब ठेकेदारों से सहयोग करने की अपील की गयी। दुकान बंद होने के उपरान्त दुकान के आसपास पड़ीं खाली बोतल नष्ट कराने की व्यवस्था की जाए, ताकि दोबारा उनका इस्तेमाल न हो सके।

शराब की दुकानों का किया औचक निरीक्षण
जिला आबकारी अधिकारी ने बताया अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी निरीक्षक डॉ. राकेश त्रिपाठी, अखिलेश बिहार वर्मा, त्रिवेणी प्रसाद मौर्य, मनोज शर्मा, अनुज वर्मा और अभय दीप सिंह की टीम द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में शराब की दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्टाक रजिस्टर देखा। अनियमितता मिलने पर कई दुकानदारों को चेतावनी दी गई। साफ सफाई का विशेष ध्यान रखने के लिए कहा। इस दौरान आबकारी विभाग की गाड़ी जैसे ही इन दुकानों पर रुकी, खरीदारी करने के लिए आए लोग अगल-बगल हो गए। निरीक्षक ने शराब के दुकान का स्टॉक तथा बिकने वाली शराब का निरीक्षण किया।
दुकान में मौजूद कंपनी के लोगो को देखा। साथ ही दुकान पर मौजूद ग्राहकों से शराब को लेकर जानकारी ली, कहीं कोई विक्रेता आपसे शराब पर अंकित मूल्यों से अधिक की वसूली तो नही कर रहा है। आबकारी निरीक्षकों ने ग्राहकों को जानकारी देते हुए कहा कि अगर कोई विक्रेता आपसे शराब पर अंकित मूल्यों से अधिक की वसूली और अभद्र व्यवहार करता है तो दुकान के बाहर संबंधित क्षेत्रीय आबकारी निरीक्षक का नंबर लिखा हुआ है।
आप इस पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते है। आपकी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई होगी। इस दौरान विक्रेताओं को भी चेतावनी दी गई कि दुकानों पर मौजूद पॉश मशीन से स्कैन के बाद ही नियमानुसार शराब की बिक्री करें। दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई और टीम द्वारा दुकानों पर गुप्त टेस्ट परचेजिंग भी कराई जा रही है। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया टीम द्वारा रात में अभियान चलाकर खुले में शराब पीने और बिना लाइसेंस के शराब पिलाने वालों पर भी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही विक्रेताओं को भी हिदायत दी गई है कि दुकानों के आसपास अगर कोई भी व्यक्ति शराब पीता हुआ पाया गया तो संबंधित के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
अवैध शराब की तलाश में वाहनों को रोक कर हुई चेकिंग
जिले में अवैध शराब की बिक्री एवं तस्करी पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग की टीम दिन-रात वाहनों की चेकिंग कर रही है। जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने बताया अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम द्वारा राजमार्ग एवं राष्ट्रीय मार्ग पर वाहनों को रोक कर चेकिंग की गई।
शनिवार एवं रविवार रात को आबकारी निरीक्षक द्वारा दुहाई, डासना और यूपी बोर्डर पर चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान वाहनों को रोक कर उनकी गहनता से तलाशी ली गई। साथ ही हिदायत भी दी गई कि बाहरी राज्यों की शराब मिलने पर जेल जाने के साथ तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी सीज कर दिया जाएगा। इसलिए सस्ती के चक्कर में बाहरी राज्यों की शराब तस्करी न करें।
























