-बूथों पर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता हो इंतजाम : डीएम
गाजियाबाद। पंचायत चुनाव से पहले पुलिस प्रशासन तैयारी में जुटा है। शांति पूर्ण ढंग से मतदान कराने को कोशिश की जा रही है। जिले में 15 अप्रैल को मतदान होगा। मतदान के दौरान शांति बनाए रखने को पुलिस प्रशासन ने तमाम इंतजाम किए हैं। खुराफातियों को चिह्नित करने के साथ ही अति संवेदनशील और संवेदनशील बूथों को भी चिह्नित किया गया है। इन बूथों पर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं।
मंगलवार को जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय एवं डीआईजी/एसएसपी अमित पाठक ने संयुक्त रूप से विभिन्न बूथों का सघन दौरा किया गया। उन्होंने ग्राम नाहल ब्लॉक रजापुर प्राथमिक विद्यालय, ढबारसी पूर्व माध्यमिक विद्यालय एवं अन्य अति संवेदनशील मतदान बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कई संवेदनशील जगह पर पैदल मार्च कर कानून व्यवस्था का जायजा लिया।
उन्होंने 40 अति संवेदनशील बूथों पर फोर्स तैनात करने के निर्देश दिए, जिससे अराजक तत्वों पर पैनी नजर रखी जा सके। डीएम ने बताया कि पंचायत चुनाव को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराए जाने के संबंध में जनपद में चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं जो राउंद द क्लॉक निगरानी रखेंगे, जिससे आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों को नियंत्रण में करने के लिए सादे कपड़ों में फोर्स तैनात की गई है, जो गतिविधियों की सूचनाओं से सीधे जिलाधिकारी को अवगत कराएंगे। डीएम अजय शंकर पांडेय एवं एसएसपी अमित पाठक ने सभी उम्मीदवारों को स्पष्ट कहा है कि पंचायत सामान्य निर्वाचन के दौरान सभी के द्वारा आदर्श आचार संहिता का पालन किया जाए।
इसके बाद हर मतदान केंद्र पर ग्रामीणों से बात की। उन्हें शांति से मतदान करने को प्रेरित किया। साथ ही यह भी कहा कि अगर कोई खुराफाती चुनाव में व्यवधान पैदा करने का कार्य करेगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई भी की जाएगी। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वोटरों को डराने धमकाने या प्रलोभन देने वालों की सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन को दें। उन पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा ऐसी घटनाओं को सख्ती के साथ लेकर संबंधित चुनाव लडऩे वाले उम्मीदवार के विरूद्ध आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
















