डीएम ने मतदाता जागरूकता एलईडी वैन को दिखाई हरी झंडी

-ईवीएम तथा वीवीपैट: मतदाताओं को जागरूक करेगी एलईडी वैन: डीएम

गाजियाबाद। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा सामान्य निर्वाचन के दृष्टिगत ईवीएम, वीवीपैट के व्यापक प्रचार प्रसार कर जन जागरुकता फैलाने का कार्य शुरू हो गया है। इसके लिए मोबाइल एलईडी वैन के माध्यम से 26 दिसंबर 2021 तक मतदान केंद्रों तथा प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर प्रचार प्रसार कर आम मतदाताओं को जागरूक किया जाएगा। शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने हरी झण्डी दिखाकर एलईडी मोबाईल वैन को रवाना किया। डीएम राकेश कुमार सिंह ने कहा विधानसभा चुनाव में मतदान के लिए लोगों को जागरूक करने, ईवीएम तथा वीवीपैट के द्वारा मतदान कैसे किया जाता है, इसकी जानकारी देने का काम एलईडी वैन करेगी। उन्होंने बताया कि इस निर्वाचन में प्रत्येक बूथ पर वीवीपैट का इस्तेमाल किया जाएगा। इसकी जानकारी देने का काम यह वैन करेगी। जनपद की सभी विधानसभा-53- लोनी, 54- मुरादनगर, 55- साहिबावाद, 56- गाजियाबाद एंव 57- मोदीनगर विधान सभा क्षेत्रों में आगामी विधान सभा सामान्य निर्वाचन- 2022 के दृष्टिगत एलईडी वैन के माध्यम से ईवीएम/वीवीपैट जागरूकता कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार कराये जाने के लिए जनपद स्तर पर वीवीपैट, रिटर्निग आफिसर मुख्यालय/तहसील मुख्यालय में तीन मोबाइल वैन का संचालन किया गया है। जो कि 26 नवंबर 2021 से 26 दिसंबर 2021 तक सभी विधानसभा क्षेत्रों में घूमकर प्रचार प्रसार करेगी। एलईडी वैन पर ईवीएम से संबधित जानकारी के लिए एक कार्मिक एक ईवीएम/वीवीपैट के साथ संचालन के लिए नियुक्त किया गया है जो ईवीएम एवं वीवीपैट के संचालन का कार्य करते हुए नागरिक को मतदाता जागरूकता का प्रशिक्षण प्रदान करने के साथ प्रतिदिन सूचना निर्धारित फार्मेट पर उपलब्ध करायेगे। प्रत्येक मोबाइल वैन टीम प्रतिदिन सुबह 8 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के लिए जाएगी। आयोग द्वारा जनहित में ईवीएम/वीवीपैट मशीनों के प्रचार-प्रसार तहसील मोदीनगर, गाजियाबाद, लोनी तथा कलक्ट्रेट परिसर में स्थापित ईवीएम डेमोस्ट्रेशन सेन्टर स्थापित किया गया है। मतदान की प्रक्रिया सेंटरों पर उपस्थित होकर ईवीएम/वीवीपैट की भलीभांति जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक श्रीवास्तव, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हरिकृष्ण शर्मा सहित अन्य अधिकारीगण एवं कर्मचारी गण उपस्थित रहे।