डीएम ने दिए प्राईवेट एवं सरकारी कोविड अस्पतालों में ऑक्सीजन सप्लाई के निर्देश

-ऑक्सीजन की सप्लाई, बेड की स्थिति एवं उपचार को लेकर डीएम ने की समीक्षा
-28 कोविड़ अस्पतालोंं के बनाए प्रभारी

गाजियाबाद। कोविड-19 कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण से जनपदवासियों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने सोमवार को आईटीएस मोहन नगर में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। इस दौरान मै. आईनोक्स एयर प्रोडक्ट प्रा.लि. द्वारा जनपद में ऑक्सीजन सिलेंडरों की सप्लाई, अस्पतालों में बेडों की स्थिति, मरीजों के उपचार, इंजेक्शन की मांग के अनुसार उपलब्धता इत्यादि बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर डीएम ने जनपद के सभी प्राईवेट एवं सरकारी कोविड अस्पतालों को आवश्यकतानुसार ऑक्सीजन की सप्लाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी (भू.अ.) को निर्देशित किया कि वह स्वयं अनुश्रवण करें कि किस अस्पताल में कितनी ऑक्सीजन की मांग है तथा उसे प्रतिदिन कितनी सप्लाई की जा रही है। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने अस्पतालों में ऑक्सीजन सप्लाई और सप्लायर्स के प्रतिदिन के टै्रक रिकार्ड रखने के भी निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त कोरोना वायरस के नवीन केस अत्याधिक संख्या में संसुचित होने एवं कोविड रोग के नए मामलों में वृद्धि के दृष्टिगत कोविड अस्पताल में मरीजो को भर्ती कराया जाना, भर्ती मरीजों का समुचित उपचार व देखभाल, दवाइयों की उपलब्धता, आवश्यकतानुसार मेडिकल ऑक्सीजन की आपूर्ति एवं स्टॉक की पर्याप्त मात्रा की बाजार में उपलब्धता एवं निर्धारित मूल्य से अधिक विक्रय पर नियत्रंण आदि संपूर्ण व्यवस्था को सुचारू रखने को जिलाधिकारी ने 28 वरिष्ठ अधिकारियों को चिकित्सालयों का प्रभारी नामित किया है एवं उन्हें निर्देशित किया है कि वह आंवटित चिकित्सालयों में उक्त संपूर्ण व्यवस्थाएं शासन द्वारा कोविड-19 हेतु समय-समय पर जारी गाइड लाइन के अनुसार सुचारू रूप से पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अस्मिता लाल, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.के. गुप्ता, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), अपर जिलाधिकारी (नगर) इत्यादि अधिकारी उपस्थित रहे।