गाजियाबाद। संविधान दिवस पर जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने एसएसपी पवन कुमार के साथ शुक्रवार को कौंशाबी थाने में पुलिसकर्मियों को संविधान के मूल कर्तव्यों की रक्षा की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि मूल कर्तव्यों का पालन सभी के लिए जरूरी है। देश की एकता व अखंडता की सभी ने शपथ ली। जिलाधिकारी ने कहा कि हमें संविधान में दिए मौलिक अधिकारों की रक्षा के साथ ही कर्तव्यों का पालन भी तत्परता से करना चाहिए। संविधान के प्रति निष्ठा और सम्मान रखते हुए देश में शांति, सद्भाव और सामाजिक समरसता बनाए रखना भी हम सबका दायित्व है। उन्होंने सभी से संविधान के महत्व को समझते हुए उसे आत्मसात करने और संविधान की प्रस्तावना का पालन करते हुए पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों एवं कर्तव्यों का निर्वहन करें।
एसएसपी पवन कुमार ने आर्थिक, राजनैतिक न्याय, विचार, अभिव्यक्ति, धर्म, प्रतिष्ठा व अवसर की समानता बनाने, देश की एकता व अखंडता सुनिश्चित करने के लिए बंधुता बढ़ाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा भारतीय संविधान भारत का सर्वोच्च कानून है, जो रूपरेखा प्रदान करता है जो राजनीतिक सिद्धांतों को परिभाषित करता है, सरकारी संस्थान की संरचना, प्रक्रियाओं, शक्तियों और कर्तव्यों को स्थापित करता है। महिलाओं का सम्मान करेंगे। हिंसा से दूर रहकर बंधुता बढ़ाएंगे। सामाजिक संस्कृति का संवर्द्धन व पर्यावरण का संरक्षण करेंगे। वैज्ञानिक दृष्टिकोण का विकास करेंगे। सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करेंगे।















