गाजियाबाद। कौशाम्बी कॉलोनी में अतिक्रमण बढ़ने से आवागमन में परेशानी होने लगी है। किसान आंदोलन के कारण कौशाम्बी में वाहनों का दबाव बढ़ गया है। ऐसे में दुर्घटना की संभावना भी बढ़ गई है। क्षेत्रीय पार्षद मनोज गोयल ने इस संबंध में मेयर और नगरायुक्त को पत्र भेजकर शिकायत की है। गोयल ने अतिक्रमण के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जरूरत बताई है। नगर निगम के वार्ड नंबर-72 के अंतर्गत कौशाम्बी कॉलोनी आती है।
पार्षद मनोज गोयल के मुताबिक कौशाम्बी में ईडीएम रोड, सेंट्रल पार्क तथा वेब मॉल से लेकर आनंद विहार तक अतिक्रमण बढ़ गया है। इससे आए दिन दुर्घटना हो रही हैं। किसान आंदोलन की वजह से पूरा ट्रैफिक वहां से गुजर रहा है। अतिक्रमण के कारण यातायात जाम भी रहता है। पार्षद गोयल ने मेयर आशा शर्मा और नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर से इस समस्या का समाधान कराने की अपील की है।
बता दें कि कौशाम्बी कॉलोनी दिल्ली से सटी है। किसान आंदोलन के चलते मार्ग बाधित होने से प्रतिदिन काफी ट्रैफिक वहां से गुजरता है। अतिक्रमण के कारण जगह-जगह जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। इससे आस-पास के दुकानदार और नागरिक भी परेशान हैं। पार्षद गोयल का कहना है कि अतिक्रमण हट जाने से समस्या का समाधान हो सकेगा। नागरिकों को भी राहत मिलेगी।
















