कोरोना काल में मदद के लिए आगे आएंं उद्यमी: स्मिता सिंह

-200 इकाइयों ने 2 हजार से ज्यादा ऑक्सीजन सिलेंडर कराएंं उपलब्ध

गाजियाबाद। जनपद में कोरोना संक्रमण से निपटने के लिए उद्यमी भी हरसंभव सहयोग कर रहे हैं। इसी क्रम में उप्र राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) की कोशिशों से करीब 200 इकाइयों ने जिला प्रशासन व विभिन्न अस्पतालों को 2 हजार से ज्यादा ऑक्सीजन सिलेंडर दिए हैं। उधर, उद्यमियों ने फैक्ट्रियों में कार्यरत कोरोना संक्रमित श्रमिकों के लिए 40 इकाइयों में आइसोलेशन वार्ड में 211 बेड भी व्यवस्था की है। यूपीसीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) मयूर माहेश्वरी ने यूपीसीडा अधिकारियों एवं जिले के उद्यमियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिग के जरिए कोरोना संक्रमण काल में भूमिका के बारे में बात करते हुए कहा कि उद्यमी भी कोरोना योद्धा के रूप में उभरे हैं। हाल ही में उद्यमियों ने अस्पताल व प्रशासन को आक्सीजन सिलेंडर सौंपे। बता दें कि यूपीसीडा औद्योगिक क्षेत्रों में जिले में करीब 11 हजार छोटी-बड़ी फैक्ट्रियां हैं। इनमें करीब 1.50 लाख श्रमिक कार्यरत हैं। वीडियो कांफ्रेंसिग में उन्होंने बताया कि कच्चे माल की कमी, तैयार माल को भेजने में आ रही कुछ दिक्कतों के बीच जिले के करीब 90 फीसद उद्योग क्रियान्वित होने के चलते प्रोडक्ट बना रहे है। यूपीसीडा अधिकारियों की ओर से पिछले दिनों पंचायत चुनाव व अन्य कार्यों के लिए घरों पर लौटे बहुत से कामगारों ने वापस लौटने का दावा किया है। उद्योगों में आक्सीजन की जगह प्लाज्मा कटर आयरन उद्योगों में आक्सीजन का भी उपयोग होता है। संक्रमणकाल में आक्सीजन की कमी होने पर उद्योगों की आक्सीजन सप्लाई पूरी तरह बंद कर दी गई है। इस वजह से कुछ उद्योग बंद भी हो गए। ऐसे में कंप्यूटरीकृत प्लाज्मा कटर मशीन ने ऐसी इकाइयों के लिए आक्सीजन का काम किया है। इस मशीन से औद्योगिक जरूरतों के हिसाब से 50 मिलीमीटर मोटाई की स्टील शीट को काटा जा सकता है।यूपीसीडा की सहायक महाप्रबंधक डॉ.स्मिता सिंह ने बताया कि यूपीसीडा क्षेत्र अंतर्गत आने वाली करीब 11 हजार इकाइयों में 90 फीसद फैक्ट्री चालू है। जीटी रोड इंडस्ट्रियल एरिया से एक इकाई ने 100 आक्सीजन कंसंट्रेटर शहर के लोगों के लिए उपलब्ध कराए। वहीं,साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र की इकाई ने गोरखपुर आक्सीजन प्लांट के सिलेंडर वाल्व,नट फिलिंग,निप्पल फिलिंग की सप्लाई की है। अलीगढ़ के लिए आक्सीजन कंसंट्रेटर बनाने के लिए जियोलाइट उपकरण सप्लाई किया।डॉ.स्मिता सिंह ने बताया कि कोरोना संक्रमण काल के चलते ऑक्सीजन की कमी को देखते हुए जिला प्रशासन के सहयोग से यूपीसीडा ने टास्क फोर्स का गठन किया है। यूपीसीडा औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों से आक्सीजन सिलेंडर देने की अपील की गई, जिसके तहत 200 इकाइयों द्वारा 2000 से अधिक ऑक्सीजन सिलेंडर अस्पतालों और प्रशासन को सौंपे गए। जबकि 5606 इकाइयों में कोविड हेल्प डेस्क बनाई गई हैं। इनमें कोरोना से बचाव के लिए चिकित्सा उपकरण उपलब्ध हैं। जिले के 11 औद्योगिक क्षेत्रों में लगभग 400 आयरन उद्योग हैं और लगभग इतने ही आयरन व स्टील ट्रेडिंग प्रतिष्ठान हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में औद्योगिक क्षेत्रों में 5606 हेल्प डेस्क कार्य कर रही हैं। प्रत्येक डेस्क पर ऑक्सीमीटर, थर्मामीटर, सैनिटाइजर,ग्लव्स उपलब्ध हैं।