7 को नगर निगम की कार्यकारिणी बैठक, पुनरीक्षित बजट होगा पेश

गाजियाबाद। नगर निगम कार्यकारिणी बैठक आगामी 7 नवंबर मंगलवार को प्रस्तावित की गई है। महापौर सुनीता दयाल ने नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक को पत्र भेजकर 7 नवंबर को कार्यकारिणी बैठक बुलाने को कहा है। इसके लिए कार्यकारिणी बैठक का एजेंडा जल्द तैयार किया जाए। कार्यकारिणी बैठक में पुनरीक्षित बजट के अलावा कई अहम प्रस्तावों पर मुहर लगनी हैं। महापौर सुनीता दयाल ने बताया कि आगामी 7 नवंबर मंगलवार को नगर निगम कार्यकारिणी बैठक प्रस्तावित की गई है। इस बैठक में वित्तीय वर्ष का पुनरीक्षित बजट के अलावा अन्य प्रस्तावों पर सदस्यों के बीच चर्चा की जाएगी। वहीं पूर्व में पास किए गए प्रस्तावों पर आख्या मांगी जाएगी।

नगर आयुक्त एवं सदन सचिव को कार्यकारिणी बैठक का एजेंडा जल्द तैयार कराने और बैठक की तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम के नए बोर्ड की यह तीसरी कार्यकारिणी बैठक होगी। महापौर द्वारा कार्यकारिणी बैठक की तारीख तय किए जाने के बाद निगम प्रशासन की ओर से प्रस्ताव किए जा रहे है। कार्यकारिणी में पुनरीक्षित बजट के अलावा अन्य प्रस्तावों पर चर्चा होने के बाद उन्हें पास किया जा सकेगा। फिलहाल प्रस्तावों का एजेंडा तैयार किया जा रहा है।