Farmer-Protest-राकेश टिकैत ने भरी हुंकार, तेज होगा आंदोलन

 

-गाजीपुर बोर्डर पर ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर पहुंचे सैकड़ो किसान

Farmer-Protest-गाजियाबाद। केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए तीन केंद्रीय कृषि कानूनों के विरोध में रविवार को भी यूपी गेट गाजीपुर बॉर्डर पर सैकड़ों की संख्या में किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर पहुंचे। किसानों ने सरकार के खिलाफ हुंकार भरते हुए कृषि कानूनों को निरस्त करने की मांग की। यूपी गेट गाजीपुर बॉर्डर पर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि किसानों का आंदोलन अब ट्रैक्टर-ट्रॉली से तेज होगा। गाजीपुर बार्डर पर सैकड़ों ट्रैक्टरों को मार्च पहुंचने के बाद आंदोलन स्थल का नजारा भी अब बदलने लगा है। चौधरी राकेश टिकैत ने धरना स्थल पर किसानों के साथ बैठक करते हुए आंदोलन को तेज करने की रणनीति बनाई। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से वार्ता करने के लिए किसान तैयार है। मगर हमारी शर्त कृषि कानूनों को निरस्त करने की मांग की है। इससे कम पर किसान यहां से नहीं जाएगा। बैठक में निर्णय लिया गया है कि आंदोलन को धार देने के लिए ट्रैक्टर मार्च और तेज किए जाएंगे। जुलाई माह के लिए दो ट्रैक्टर की तिथि की घोषणा भी टिकैत ने की। चौधरी राकेश टिकैत ने भाकियू के प्रदेश अध्यक्ष राजवीर सिंह जादौन, प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी राजवीर सिंह,ओमपाल सिंह,राजेश सिंह,भाकियू युवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरव टिकैत, जिलाध्यक्ष बिजेंद्र सिंह,शूटर शमशेर राणा, मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र मलिक,विपिन बालियान, राजपाल शर्मा आदि की मौजूदगी में कहा कि 9 जुलाई को शामली और बागपत जनपद के किसान ट्रैक्टर मार्च लेकर दिल्ली की आएंगे।
10 जुलाई को यह ट्रैक्टर मार्च सिंघु बार्डर पहुंचेगा। उसके बाद 24 जुलाई को एक और ट्रैक्टर मार्च बिजनौर और मेरठ जनपद के किसान निकालेंगे। 24 जुलाई की रात को ट्रैक्टर मार्च का पड़ाव मेरठ के सिवाया टोल पर होगा और फिर 25 जुलाई को मार्च गाजीपुर बार्डर पहुंचेगा। आगे भी इसी तरह मार्च दिल्ली की ओर आते रहेंगे।सरकार किसानों की मांग नहीं मान रही है। इसलिए जब तक किसानों की मांग नहीं मानी जाती है। किसानों का आंदोलन जारी रहेगा। किसान यहां से खाली हाथ वापिस घरों को नहीं लौटेगा। चौधरी राकेश टिकैत ने खुद टै्रक्टर चलाकर किसानों की हौंसला अफजाई की। वहीं, किसानों की यूपी गेट पर संख्या बढऩे और ट्रैक्टर मार्च के चलते एडीएम सिटी शैलेंद्र कुमार सिंह, एसपी सिटी सेकेंड ज्ञानेंद्र सिंह, सीओ अंशु जैन समेत भारी संख्या में पुलिस फोर्स मुस्तैद रहीं।
रविवार को भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी राजवीर सिंह के नेतृत्व में किसान 25 ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर यूपी गेट गाजीपुर बॉर्डर पर पहुंचे। प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी राजवीर सिंह ने बताया कि गांव रईसपुर,सदरपुर,शाहपुर बम्हैटा, सरना, रोरी, भिक्कनपुर आदि गांव से 25 ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ किसान बॉस चौधरी, टुकी पंडित, महेंद्र सिंह, विजय सिंह, राजेंद्र सिंह, यशपाल सिंह, अशोक चौधरी, नरेंद्र चौधरी पूर्व पार्षद, महेंद्र सिंह, लोकेंद्र सिंह, धर्मवीर सिंह, राज सिंह, रामौतार, कुलदीप त्यागी, विनोद कुमार, श्यौराज सिंह आदि किसानों के साथ सदरपुर और रईसपुर गांव के धरना स्थल से होते हुए बॉर्डर पर पहुंचे। किसानों के आंदोलन को चलते 7 माह हो चुके है। मगर सरकार किसानों की मांग नहीं मान रही है। इसलिए किसानों ने आंदोलन को तेज कर दिया है।