गाजियाबाद। कोरोना काल में त्रास्दी पर आधारित फिल्म घाट का प्रीमियर शनिवार को हिंदी भवन लोहिया नगर में किया जाएगा। इस दौरान फिल्म से जुड़े सभी कलाकार मौजूद रहेंगे। राष्ट्र निर्माण सम्मान एवं राष्ट्र चेतना सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा। अजीत होम एंपलायंसेस ने कोरोना त्रास्दी पर फिल्म घाट का निर्माण किया है। कोरोना की दूसरी लहर की त्रास्दी पर आधारित यह फिल्म विभिन्न ज्वलंत मुद्दों को पुरजोर तरीके से उठाएगी। कोरोना की दूसरी लहर में ऑक्सीजन की कमी, गंभीर मरीजों के प्रति डॉक्टरों के खराब व्यवहार, उपचार की सुविधा न मिलने और श्मशान घाट के हालात को इस फिल्म में दिखाया जाएगा।
कलाकारों ने अपने किरदार को पूरी ईमानदारी से निभाने की हरसंभव कोशिश की है। फिल्म घाट एक तरह से देश की लचर स्वास्थ्य सेवाओं की भी पोल खोलेगी। इसके अलावा चिकित्सीय पेशे की कमियों को उजागर करने का प्रयास करेगी। फिल्म का प्रीमियर समारोह शनिवार को शाम 4 बजे हिंदी भवन लोहिया नगर में होगा। इसके अलावा राष्ट्र निर्माण सम्मान एवं राष्ट्र चेतना सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा।
समारोह में मुख्य अतिथि सांसद अनिल अग्रवाल, उप्र सरकार के मंत्री नरेंद्र कश्यप, मेयर आशा शर्मा, विधायक अतुल गर्ग व एमएलसी दिनेश गोयल होंगे। विशिष्ट अतिथि के तौर पर नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर, सिटी मजिस्ट्रेट गंभीर सिंह, महंत नारायण गिरी व सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन ललित जायसवाल आदि मौजूद रहेंगे। फिल्म में विनीत त्यागी, मनीष गोयल, विजय गुप्ता, अदिति उन्मुख, विक्की सक्सेना, रजनीश बंसल ने अह्म भूमिका निभाई है। फिल्म के लेखक एवं निदेशक प्रेम मधु कांति हैं।
















