-शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से मतदान करने की अपील
गाजियाबाद। गणतंत्र दिवस व आगामी विधानसभा चुनाव को दृष्टिïगत रखते हुए जनपद व दिल्ली पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। किसी भी अप्रिय घटना से बचने और विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्वक व सकुशल संपन्न करवाने के लिये बुधवार को एसएसपी पवन कुमार के निर्देश पर जनपद पुलिस व दिल्ली पुलिस ने अद्र्घसैनिक बल बीएसएफ के साथ मिलकर साहिबाबाद व टीला मोड़ थाना क्षेत्र में जहां रूट मार्च किया। वहीं एसपी सिटी द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह व सीओ साहिबाबाद एएसपी अभिजीत आर शंकर की अगुवाई में संवेदनशील इलाकों जैसे गरीमा गार्डन, पसौंडा, हिंडन विहार और शहीदनगर में सर्च ऑपरेशन चलाकर संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों व मकानों की तलाशी भी ली गई।
एसपी सिटी द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि आज जो सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा, उसका उदï्देश्य गणतंत्र दिवस के मौके पर होने वाली सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह से अभेद्य बनाना है। वहीं सिहानी गेट सीओ आलोक दुबे के नेतृत्व में सिहानी गेट थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ विक्रम सिंह समेत भारी संख्या में पुलिस फोर्स एवं बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (बीएसएफ) की एक कंपनी के जवानों के साथ शहर में फ्लैग मार्च किया गया। सड़कों पर फ्लैग मार्च करते हुए लोगों से शांतिपूर्ण मतदान करने की अपील की गई।
सीओ आलोक दुबे ने बताया कि बुधवार को सिहानी गेट थाना प्रभारी एवं बीएसएफ के करीब 90 जवानों की कंपनी के साथ क्षेत्र के पटेलनगर, गांधीनगर, राकेश मार्ग, शनि मंदिर, दयानंदनगर,पुराना बस अड्डा से कालका गढ़ी चौक तक क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया गया। लोगों को 10 फरवरी को शांतिपूर्ण तरीके से निडर होकर मतदान करने की अपील की गई। साथ ही असामाजिक तत्वों द्वारा चुनाव में डराने एवं धमकाने की तत्काल सूचना देने को लोगों को जागरूक किया गया। फ्लैग मार्च करते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई।
मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पैरामिलिट्री फोर्स, पीएसी जवानों के साथ पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान कराया जाएगा। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि निडर होकर मतदान करें। लोगोंं में सुरक्षा का भाव जागृत करने के उद्देश्य से पुलिस फोर्स और बीएसएफ जवानों के साथ क्षेत्र के संवेदनशील एवं अति संवदेनशील क्षेत्रों में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए फ्लैग मार्च किया गया। निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से मतदान कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है। फ्लैग मार्च करते हुए लोगों से शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से मतदान करने की अपील की गई। जिले की सभी पांचों विधानसभा सीटों पर आगामी 10 फरवरी को होने वाले मतदान के मद्देनजर बीएसएफ की कंपनियों द्वारा लगातार क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया जा रहा हैं। ताकि शांति व्यवस्था कायम रखते हुए मतदान संपन्न कराया जा सके।














