-सड़क सुरक्षा सप्ताह का समापन, बाईकोत्थान रैली में 250 बाइकर्स ने दिया सुरक्षा का सदेंश
गाजियाबाद। सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा के संदेश के साथ रविवार को सड़क सुरक्षा सप्ताह का समापन हुआ। हमें यातायात के नियमों को पूर्ण रूप से अपने जीवन में लागू करके उसी के अनुसार वाहनों का संचालन करना चाहिए। जब हम नियमों का पालन करेंगे तो हम सुरक्षित रहेंगे और दूसरों को भी सुरक्षित रख पाएंगे। यह बातें रविवार को सड़क सुरक्षा सप्ताह के समापन पर लोगों को जागरूक करते हुए कहीं। उन्होंने कहा हमें वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करना चाहिए। साथ ही साथ दोपहिया वाहनों पर हेलमेट और चार पहिया वाहनों पर सीट बेल्ट जरूर बांधना चाहिए। समापन कार्यक्रम के दौरान 21 दो पहिया वाहन, प्रोफेशनल बाईकर्स ग्रुप के 250 बाइकर्स एवं अन्य समाजसेवी संस्थाओं के एक बाईकोत्थान रैली कविनगर रामलीला मैदान से निकाली गई। जिसका समापन महामाया स्टेडियम पर हुआ।
एसएसपी पवन कुमार ने कहा सड़क पर हो रही दुर्घटनाओं के लिए हम सब जिम्मेदार हैं। तेज गति से वाहन चलाते हैं और गाडिय़ों पर स्टंट दिखाते हैं। हादसों को रोकने के लिए नियमों को पूर्ण रूप से पालन करना होगा। हम सब यातायात के नियमों के बारे में पूर्ण रूप से जानकार हैं, लेकिन उसे अपने जीवन में लागू नहीं करते हैं। जिस दिन हम यातायत के सभी नियमों को अच्छी तरह से अपने जीवन में लागू करेंगे तो दुर्घटनाओं से बच सकते हैं और दूसरों को भी बता सकते और जीवन को सुरक्षित रख सकते हैं।
आरटीओ अरूण कुमार वाष्र्णेय ने कहा तेजी से बढ़ते सड़क हादसों को रोकने के लिए यातायात नियम का पूरी तरह पालन करें। नियमों का पालन न करने से ही सड़क हादसे होते रहते हैं। एआरटीओ प्रशासन विश्वजीत सिंह ने युवाओं से आह्वान किया कि उन्हें सबसे ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है। बाइक व कार आदि चलाते समय पूरी तरह से ट्रैफिक नियमों का पालन करें। ज्यादा स्पीड रहने तथा अनावश्यक ओवरटेक करने के कारण ही ज्यादा हादसे होते हैं। इस मौके पर एसपी टै्रफिक रामानन्द कुशवाहा, आरटीओ गाजियाबाद वीके सिंह, एआटीओ प्रवर्तन राघवेन्द्र सिंह, एआरटीओ सतीश कुमार, यातायात इंस्पेक्टर संतोष सिंह, बीपी गुप्ता, बाइककर्स एसोसिएशन के प्रदीप गुप्ता, ट्रेक्स संस्था से पूजा यादव समेत आदि लोग उपस्थित रहे।















