गाजियाबाद। जनपद में कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ता ही जा रहा है। दिन ब दिन लोग संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। लगातार जिले में अब कोरोना के नए केस एक हजार के पार हो रहे है। बावजूद इसके कोरोना प्रोटोकॉल की अनदेखी की जा रही है। सार्वजनिक स्थलों पर लोगों की भीड़ उमड़ रही है। जिससे यह खतरा और भी बढ़ता जा रहा है, लेकिन लोग है कि लापरवाही बरतने से बाज नहीं आ रहे हैं। जिले में कोरोना मरीजों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। शहर के साथ ही गांवों में कोविड गाइडलाइन की धज्जियां उड़ती दिख रही हैं। बसपा के पूर्व विधायक सुरेश बंसल भी अब कोरोना की चपेट में आ गये है। जिसके बाद उन्हें गाजियाबाद के कौशांबी स्थित यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूर्व विधायक बंसल दो दिनों से जुकाम बुखार से पीडि़त थे। हालांकि अब अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर है। गुरूवार को जनपद मे 1678 लोग संक्रमित हुए हैं, इलाज के बाद 163 डिस्चार्ज हुए हैं। इस समय जिले में 9179 मरीजों का इलाज चल रहा है। अब तक जिले में कुल 65547 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है, इलाज के बाद अब तक 55907 लोग संक्रमण से मुक्त हो चुके है।
















