गाजियाबाद में दो हादसों में चार कांवड़ियों की मौत, डिवाइडर से टकरा गए वाहन

गाजियाबाद। राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर सोमवार की देर रात सड़क हादसे में 3 कांवड़ियों की मौत हो गई। डिवाइडर से बाइक टकरा जाने के कारण यह हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद तीनों कांवड़ियों को संयुक्त चिकित्सालय संजय नगर सेक्टर-23 ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। बाद में शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। गाजियाबाद में कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा के लिए पुलिस-प्रशासन ने ठोस कदम उठाने का दावा किया है। इसके बावजूद हादसे रूकने का नाम नहीं ले रहे हैं।

एनएच-9 पर मसूरी थाना क्षेत्र में सोमवार की देर रात तेज रफ्तार बाइक अचानक डिवाइडर से टकरा गई। बाइक सवार 3 कांवड़ियां गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें आनन-फानन में एंबुलेंस के जरिए संयुक्त चिकित्सालय संजय नगर सेक्टर-23 ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान दिल्ली निवासी प्रिंस, राहुल व जमशेद के रूप में हुई है। दुर्घटना की खबर मिलने पर पुलिस ने मौका-मुआयना किया। तत्पश्चात तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि तीनों कांवड़िए हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे थे।

हादसे में क्षतिग्रस्त बाइक को पुलिस ने जब्त कर लिया है। उधर, एनएच-9 पर दूसरे हादसे में स्कूटी सवार कांवड़िए अजित कुमार निवासी बलजीत नगर दिल्ली की मौत हो गई। हरिद्वार से लौटते समय बम्हैटा गांव के सामने डिवाइडर से स्कूटी टकरा जाने के कारण अजित गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायलावस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।