– बेहटा हाजीपुर-असालतपुर में हो रहा था अवैध निर्माण
गाजियाबाद। लोनी क्षेत्र के बेहटा हाजीपुर एवं असालतपुर गांव की करीब 42 बीघा जमीन क्षेत्रफल में काटी जा रही अनाधिकृत कॉलोनी में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) प्रवर्तन दस्ते की टीम ने बुलडोजर चलाकर कमरे, ऑफिस व बाउंड्रीवाल को ध्वस्त कर दिया। जीडीए उपाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर अवैध कॉलोनी में यह कार्रवाई की गई। जीडीए प्रवर्तन जोन-8 के प्रभारी अधिशासी अभियंता मानवेंद्र कुमार सिंह की अगुआई में अवर अभियंता राजेश कुमार शर्मा, रामेश्वर कुमार, प्रदीप गुप्ता, रमाकांत तिवारी, जीडीए पुलिस एवं साहिबाबाद थाना पुलिस की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। जीडीए प्रवर्तन जोन-8 के प्रभारी अधिशासी अभियंता मानवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि अनाधिकृत रूप से कॉलोनी काटने वालों को पूर्व में नोटिस जारी किया गया। मगर अवैध रूप से प्लॉटिंग करने और निर्माण जारी रखा गया।

इसके चलते जोन क्षेत्र के बेहटा हाजीपुर रोड पर लगभग 12 बीघा जमीन में ईश्वर,कृष्णपाल,जय नारायण एवं सेठी धामा द्वारा अवैध कॉलोनी काटे जाने के चलते इसमें साईट ऑफिस,प्लॉट की बाउंड्रीवाल को ध्वस्त किया गया। इसके अलावा जगत धामा, राजेंद्र धामा, बिजेंद्र धामा, प्रेमवीर एवं निर्माण कर्ता रवि शंकर शर्मा द्वारा बेहटा हाजीपुर रोड के बाईं तरफ गायत्री विहार नाम से लगभग 5 बीघा जमीन में अवैध कॉलोनी और देवराज प्रधान, हरेंद्र कसाना द्वारा खसरा संख्या-1014,खसरा संख्या-1101,782, 954,956 आदि ग्राम असालपुर लोनी में लगभग 25000 वर्ग गज क्षेत्रफल में काटी जा रही अवैध कॉलोनी में 6 ऑफिस, 60 भूखंडों की बाउंड्रीवाल,सड़क, 25 विद्युत पोल आदि को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया गया।ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान निर्माण करने वालों ने जमकर हंगामा किया। मगर पुलिस ने उन्हें वहां से खदेड़ दिया। चेतावनी दी गई कि दोबारा से अवैध निर्माण किया गया तो संबंधित के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।














