गाजियाबाद। स्वीकृत नक्शे के खिलाफ अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने सख्त रूख अपना लिया है। शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ जीडीए ने कार्रवाई करते हुए ध्वस्तीकरण के साथ सीलिंग की भी कार्रवाई की। शास्त्रीनगर में नक्शे से ज्यादा अवैध रूप से निर्माण करने पर जीडीए प्रवर्तन जोन की टीम ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। वहीं, बाकी अवैध निर्माण को सील कर दिया। जीडीए उपाध्यक्ष कंचन वर्मा के आदेश पर सोमवार को जीडीए ओएसडी एवं प्रवर्तन जोन-3 के प्रभारी सुशील कुमार चौबे के निर्देशन में जीडीए प्रवर्तन जोन-3 के सहायक अभियंता लवकेश कुमार, प्रवर्तन जोन-4 के प्रभारी सहायक अभियंता योगेश कुमार पटेल और प्रवर्तन जोन-5 के सहायक अभियंता राजेश वर्मा ने अवर अभियंता, प्रवर्तन दस्ते और जीडीए पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कालरा और कविनगर पुलिस की मौजूदगी मेंं अवैध निर्माण को ध्वस्त किया। जीडीए ओएसडी सुशील कुमार चौबे ने बताया कि शास्त्रीनगर में भूखंड संख्या-सी-11 में जीडीए से स्वीकृत नक्शे का उल्लंघन करते हुए इसके विपरीत अवैध रूप से निर्माण कार्य किया जा रहा था। टीम के साथ जेसीबी मशीन चलाकर अवैध निर्माण को ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। इसके अलावा बाकी अवैध निर्माण को सीलिंग करने की कार्रवाई की गई। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के चलते अवैध निर्माण कर्ता ने विरोध प्रकट किया। लेकिन पुलिस ने उसे मौके से खदेड़ दिया। ओएसडी सुशील कुमार चौबे ने बताया प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण और अतिक्रमण किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध निर्माण और गतिविधियों के खिलाफ नियमित ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जारी रहेगी।
















