नक्शे के विपरीत निर्माण करने पर जीडीए ने चलाया हथौडा

गाजियाबाद। जीडीए से स्वीकृत नक्शे के विपरीत इंदिरापुरम क्षेत्र में अवैध रूप से अतिरिक्त बहु आवासीय इकाइयों का निर्माण किए जाने के चलते हथौड़ा चलाकर उन्हें ध्वस्त किया गया।

जिलाधिकारी एवं जीडीए उपाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह के अवैध कॉलोनी व अवैध निर्माण को ध्वस्त करने के आदेश के क्रम में यह कार्रवाई की गई। मंगलवार को जीडीए प्रवर्तन जोन-6 के प्रभारी एवं तहसीलदार दुर्गेश सिंह की अगुआई में सहायक अभियंता अमरदीप कुमार, अवर अभियंता सचिन अग्रवाल, अशोक त्यागी,महेश कुमार श्रीवास्तव एवं जीडीए पुलिस की मौजूदगी में अवैध निर्माण को ध्वस्त कराया गया।

जीडीए प्रवर्तन जोन-6 के प्रभारी तहसीलदार दुर्गेश सिंह ने बताया कि इंदिरापुरम के नीति खंड-1 में भवन संख्या-27 एवं 406,शक्तिखंड-2 में भवन संख्या-71 के भवन में नक्शे से अधिक बहु आवासीय इकाइयों निर्मित की जा रही है। इन भवनों में हथौड़ा चलवाकर अवैध निर्माण को आंशिक ध्वस्त करने की कार्रवाई की गई।