दुहाई में काटी जा रही अवैध कॉलोनी में निर्माण को जीडीए ने रुकवाया

-अनाधिकृत कॉलोनी व अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान चलाकर करें कार्रवाई: अतुल वत्स

गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) उपाध्यक्ष की सख्ती के बाद भी जीडीए सीमा क्षेत्र में अनाधिकृत कॉलोनी काटे जाने और अवैध रूप से निर्माण किए जाने का सिलसिला रूकने का नाम नहीं ले रहा है। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स की सख्ती के चलते अब अवैध रूप से काटी जा रही अनाधिकृत कॉलोनी में कार्रवाई भी की जा रही है। अवैध निर्माण पर जीडीए उपाध्यक्ष ने सख्ती दिखाते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए है। साथ ही चेतावनी भी दी है कि अगर अवैध निर्माण पर रोक नहीं लगी तो संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी भी कार्रवाई के लिए तैयार रहे। जीडीए सीमा क्षेत्र में अनाधिकृत कॉलोनी काटे जाने और अवैध रूप से निर्माण को रोकने के लिए अधिकारी प्रतिदिन अभियान चलाकर कार्रवाई करें।

जीडीए उपाध्यक्ष के निर्देश पर शुक्रवार को जीडीए प्रवर्तन जोन-2 की प्रभारी ओएसडी कनिका कौशिक ने प्रवर्तन जोन-2 क्षेत्र में डीपीएस स्कूल दुहाई के सामने सड़क के नजदीक काटी जा रही अवैध कॉलोनी में मौके पर निर्माण कार्य को रूकवाया। जीडीए ओएसडी ने बताया कि प्रवर्तन जोन-2 क्षेत्र अंतर्गत अवैध निर्माण पर सतत् निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को निरीक्षण के दौरान डीपीएस स्कूल दुहाई के सामने सड़क के नजदीक कॉलोनाइजर अंकित त्यागी द्वारा अवैध कॉलोनी काटी जा रही है। इसमें बाउंड्रीवाल कराकर सरिया के कॉलम खड़े कर दिए गए। सड़क बनाने के लिए जेसीबी से मिट्टी का लेवल कराया जा रहा था।

मौके पर मिले मजदूरों ने बताया कि यह अवैध निर्माण अंकित त्यागी द्वारा कराया जा रहा है। स्थल पर कॉलोनाइजर द्वारा स्वीकृत मानचित्र नहीं दिखाया गया। मौके पर संचालित अवैध निर्माण को सख्त चेतावनी देते हुए तत्काल रुकवाया गया। उन्होंने सख्त चेतावनी दी कि स्थल पर कोई अवैध निर्माण नहीं होना चाहिए। चेतावनी दी कि जीडीए सीमा क्षेत्र में स्वीकृत मानचित्र के अनुसार ही निर्माण किया जाए। आमजन को भी सूचित किया कि किसी भी वादग्रस्त विवादित निर्माण में भूखंड व भवन का क्रय-विक्रय न करें।