गाजियाबाद। डीएम इंद्र विक्रम सिंह शुक्रवार को अन्य अधिकारियों के साथ जिला कारागार पहुंचे। इन्हें देख वहां अधिकारियों ने पुलिस स्टाफ से बैरकों में बंदियों संग उनके सामान की भी बारीकी से जांच कराई। कोई भी आपत्तिजनक सामान पुलिस को बंदी और बैरकों से नहीं मिला। इसके बाद डीएम ने बंदियों से हालचाल जानने के बाद मिल रही सुविधाओं के बारे में पूछा। साथ ही सफाई से लेकर रसोई तक की व्यवस्था को अधिकारियों ने देखा। इसके बाद जेल अधीक्षक व जेलर को कैदियों को शासन की तरफ से मिलने वाले सभी सुविधाओं को मुहैया कराने के निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था सु²ढ़ बनाने को आवश्यक दिशा निर्देश देकर अमल करने की बात कही।
जेल अधीक्षक आलोक सिंह को निर्देशित किया जेल में कैदियों से मिलने वाले उनके परिजनों को निर्देशित किया जाए कि जेल के अंदर पॉलीथिन, प्रतिबंधित प्लास्टिक सहित अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं ना लायी जाये। इसके साथ ही बीमार कैदियों का समय से उपचार करवाया जाए और इस बात का ध्यान रखा जाए कि जो सही मायने में अस्पताल में भर्ती कराने की स्थिति में हो उसी को भर्ती करवाया जाए। इसके साथ ही बढ़ते तापमान को देखते हुए कैदियों के स्वास्थ्य का ध्यान रखा जाये। निरीक्षण के दौरान एडीएम सिटी गम्भीर सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।
















