अवैध निर्माण के खिलाफ जीडीए सख्त

शालीमार गार्डन में अवैध निर्माण को किया ध्वस्त

गाजियाबाद। अवैध निर्माण के खिलाफ जीडीए ने सख्त रूख अपनाया है। जीडीए अब निरंतर कार्रवाई कर रहा है। उपाध्यक्ष कंचन वर्मा के आदेश पर जीडीए की टीम ने शालीमार गार्डन में अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। जीडीए के अपर सचिव एवं प्रवर्तन जोन-7 के प्रभारी सीपी त्रिपाठी के नेतृत्व में प्रवर्तन जोन-8 के प्रभारी अधिशासी अभियंता मानवेंद्र कुमार सिंह, प्रवर्तन जोन-7 के सहायक अभियंता रणबीर सिंह ने अवर अभियंता, जीडीए पुलिस और साहिबाबाद पुलिस की मौजूदगी में अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई की। जीडीए के अपर सचिव सीपी त्रिपाठी ने बताया कि शालीमार गार्डन में भवन संख्या बी-44 में अवैध रूप से चोरी-छिपे निर्माण किया गया था। इस अवैध निर्माण को टीम ने ध्वस्त कर दिया। सहायक अभियंता रणबीर सिंह ने बताया कि शालीमार गार्डन के बी-44 में अवैध निर्माण किया जा रहा था। नोटिस जारी कर अवैध निर्माण बंद करने के आदेश दिए गए थे, मगर नोटिस जारी होने के बाद भी निर्माण जारी रहा। इसके अलावा शालीमार गार्डन में अन्य अवैध निर्माण चिन्हित कर लिए गए है। इन्हें भी जल्द ध्वस्त किया जाएगा।