जीडीए उपाध्यक्ष ने किया मधुबन बापूधाम का निरीक्षण

गाजियाबाद। जीडीए की महत्वाकांक्षी मधुबन बापूधाम योजना को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण रूप से विकसित करने हेतु उपाध्यक्ष कृष्णा करूणेश ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया। जीडीए उपाध्यक्ष करूणेश ने मातहतों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन 856 ईडब्ल्यूएस भवनों को निर्माण के अलावा बुनकर मार्ट का निर्माण कार्य जल्द पूरा कराया जाए। ताकि लोगों को इसका जल्द लाभ मिल सके। उपाध्यक्ष कृष्णा करूणेश ने जीडीए सचिव संतोष कुमार राय, चीफ इंजीनियर विवेकानंद सिंह, अधिशासी अभियंता आलोक रंजन, अनिल कुमार सिंह, एई केशव राम, मनोज सागर आदि अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया।

उन्होंने कहा कि मधुबन-बापूधाम योजना को बेहतर तरीके से विकसित करना है। इसलिए बुनकर मार्ट के अलावा अर्फोडेबल हाउसिंग के तहत निर्मित भवनों के अलावा पॉकेट-ए, बी औद्योगिक पॉकेट में किए जा रहे विकास कार्यों का जायजा लेकर तेजी से कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माणाधीन आंतरिक सड़कों के निर्माण समेत अन्य विकास कार्यों में आ रही बाधा की जानकारी ली। उन्होंने जीडीए सचिव एवं चीफ इंजीनियर को निर्देश दिए कि कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न होने दी जाए। मधुबन-बापूधाम योजना में निर्माण कार्यों के अलावा विकास कार्यों को मानकों के अनुसार योजनाबद्ध तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जमीन पर कब्जा लेने के लिए तेजी से प्रयास किए जाएं ताकि योजना को पूर्ण रूप से जल्द विकसित किया जा सके।