दीपावली के बाद अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगा जीडीए

गाजियाबाद। शहर में बगैर मानचित्र स्वीकृत कराए किए गए अवैध निर्माण के खिलाफ जीडीए द्वारा दीपावली पर्व के बाद से सख्त कार्रवाई की जाएगी। अवैध निर्माण को ध्वस्त करने और सीलिंग कार्रवाई के लिए जीडीए ने कमर कस ली है। जीडीए उपाध्यक्ष कृष्णा करूणेश के आदेश पर जोनवार यह कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए जोनवार संबंधित क्षेत्रों में अवैध निर्माण को चिन्हित करने की कार्रवाई की जा रही है।

जीडीए सचिव बृजेश कुमार ने बताया कि जीडीए सीमा क्षेत्र में अवैध रूप से कॉलोनी काटे जाने और अवैध निर्माण करने वालों पर दीपावली बाद जोनवार कार्रवाई की जाएगी। किसी भी सूरत में अवैध निर्माण नहीं होने दिए जाएंगे। जीडीए के सभी 8 जोन प्रभारियों को निर्देश दिए गए कि जोनवार अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध निर्माणको चिन्हित करने के बाद शैड्यूल के अनुसार ध्वस्तीकरण करने की कार्रवाई की जाए। शहर में जीडीए द्वारा पूर्व में चिन्हित किए गए अवैध निर्माण में वर्तमान में 2700 के आसपास अवैध निर्माण है। इन्हें ध्वस्त करने और सीलिंग करने की कार्रवाई होना बाकी है। जीडीए सचिव बृजेश कुमार ने बताया कि अवैध निर्माण किसी भी जोन क्षेत्र में है। उसे ध्वस्त कराया जाएगा। जीडीए के जोन-3 के अलावा प्रवर्तन जोन-2,जोन-8 और जोन-6 क्षेत्र में अवैध निर्माण की सबसे अधिक शिकायतें मिलने के बाद इन क्षेत्रों में ध्वस्तीकरण एवं सीलिंग की कार्रवाई तेजी से कराई जाएगी। जोनवार अवैध निर्माण को तोडऩे के लिए सभी जोन प्रभारियों को तारीख अनुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।