-तिरंगे के रंग में रंगी शहर की सड़कों पर बाइकों का हुंकारा
-जिला प्रशासन और सिविल डिफेंस की संयुक्त “बाइक एवं स्कूटी तिरंगा रैली” में उमड़ा जनसैलाब
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। हर घर तिरंगा यात्रा अभियान के तहत बुधवार को कविनगर स्थित रामलीला मैदान से भव्य बाइक एवं स्कूटी तिरंगा रैली निकाली गई। सांसद अतुल गर्ग ने बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिला प्रशासन एवं सिविल डिफेंस द्वारा बाइक एव स्कूटी तिरंगा रैली का आयोजन किया था। सांसद अतुल गर्ग ने रैली में बुलेट बाइक पर सवार एडिशनल पुलिस कमिश्नर कानून व्यवस्था आलोक प्रियदर्शी एवं एडिशनल पुलिस कमिश्नर कल्पना सक्सेना,सीडीओ अभिनव गोपाल,एडीएम सिटी विकास कश्यप,एडीसीपी ट्रैफिक सच्चिदानंद,जिला सूचना अधिकारी योगेन्द्र प्रताप सिंह,सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन ललित जायसवाल,सांसद प्रतिनिधि राजेन्द्र मित्तल,डिप्टी चीफ वार्डन अनिल अग्रवाल,गुलाम नवी सहित अन्य गणमान्यों को बाइक एवं स्कूटी तिरंगा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। एडिशनल पुलिस कमिश्नर आलोक प्रियदर्शी एवं मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल की अगुवाई में हर घर तिरंगा यात्रा के मद्देनजर बाइक एवं स्कूटी तिरंगा रैली निकाली गई।
तिरंगा रैली में सैकड़ों की संख्या में प्रतिभाग करते हुए सिविल डिफेंस, प्रशासनिक अधिकारी, सहित जनपदवासियों ने रैली को सफल बनाया। यह बाइक एवं स्कूटी तिरंगा रैली कविनगर रामलीला मैदान से शुरू होकर हापुड़ रोड होते हुए ठाकुरद्वारा मोड़ पर पहुंचकर शहीद चंद्रशेखर आजाद की मूर्ति पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उन्हें नमन किया। इसके बाद रैली अपने गंतव्य की तरफ रवाना हुई। घंटाघर पर पहुंचकर शहीद भगत सिंह की मूर्ति पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए चौधरी मोड़ से पुराना बस अड्डा व हापुड़ रोड कलेक्ट्रेट होते हुए पुन: वापस रामलीला मैदान पर समापन किया गया। रैली में सैकड़ों की संख्या में लोगों ने प्रतिभाग कर तिरंगा रैली को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं,स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ के निर्देशन में पुलिस की ओर से नागरिकों में देशभक्ति की भावना जागृत करने एवं राष्ट्रीय एकता को सशक्त बनाए जाने के उद्देश्य से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।
एडिशनल पुलिस कमिश्नर आलोक प्रियदर्शी एवं एडिशनल पुलिस कमिश्नर कल्पना सक्सेना के नेतृत्व में डीसीपी सिटी धवल जायसवाल, एडीसीपी ट्रैफिक सच्चिदानंद, एसीपी समेत कविनगर थाना प्रभारी अनुराग शर्मा, ट्रैफिक इंस्पेक्टर, प्रतिसार निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह आदि ने मिलकर पुलिस लाइन से हापुड़ चुंगी होकर पुलिस आयुक्त कार्यालय तक पैदल यात्रा निकाली। पुलिस अधिकारियों व पुलिसकर्मियों के साथ पुलिस मॉर्डन स्कूल के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथ में तिरंगा झंडा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ एकता, भाईचारा और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

















