गाजियाबाद। रक्षाबंधन पर्व पर डीपीएसजी इंटरनेशन स्कूल राजनगर एवं अन्य स्कूलों की छात्राओं ने बुधवार को एसपी ग्रामीण डॉ ईरज राजा, सीओ कविनगर अभिजीत आर शंकर, थाना प्रभारी अमित कुमार समेत पुलिसकर्मियों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांध कर उनकी लंबी आयु की कामना की। वहीं पुलिस कर्मियों ने उपहार देकर, बहनों की सुरक्षा करने का वचन दिया।

डॉ ईरज राजा ने कहा इस तरह का पहला अवसर देखने को मिला है जब छात्राओं ने थाने जाकर पुलिसकर्मियों की कलाई पर राखी बांधकर उनका मान-सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि रक्षा बंधन के पर्व पर वे अपने घरों से दूर अपनी बहनों से राखी बंधवाने की रस्म से अक्सर वंचित रह जाते हैं। लेकिन अचानक छात्राओं ने आकर उनकी इस कमी को दूर कर भाई-बहन के रिश्ते को मजबूत किया है। वे इस भावुक कर देने वाले दिन को हमेशा याद रखेंगे। यह आयोजन स्कूल की ओर से आई अध्यापिकाओं छात्राओं ने थाने के प्रांगण में किया।
सीओ कविनगर अभिजीत आर शंकर ने कहा कि लड़कियां अपने आप को किसी भी प्रकार से कमजोर न समझें। उनकी सुरक्षा के संकल्प सहित पुलिसकर्मी भाई सदैव जनहित की सेवा में तत्पर रहते हैं। उन्होंने बहनों को उपहार स्वरूप आश्वस्त करते हुए कहा कि वे किसी भी संकट के दौरान पुलिस को जब भी याद करेंगी, तो उनका भाई अपनी बहनों की सुरक्षा के लिए तत्पर मिलेगा। इसी क्रम में उन्होंने पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराने पुलिस सहायता प्राप्त करने के बारे में जानकारी दी।
















