सुनहरा मौका: नवरात्र में खरीद सकते हैं जीडीए की प्रॉपर्टी

-7 अक्टूबर से शुरू हो जाएगी खुली नीलामी की प्रक्रिया

गाजियाबाद। नवरात्रि पर्व नजदीक है। नवरात्र के दौरान जीडीए की संपत्ति खरीदने का सुनहरा अवसर मिलेगा। भवन एवं भूखंड आदि संपत्तियों की खरीदारी की जा सकेगी। इसके लिए जीडीए ने नीलामी प्रक्रिया की तैयारियां शुरू कर दी हैं। जीडीए द्वारा 7 अक्टूबर से संपत्तियां बेचने के लिए खुली बोली के तहत नीलामी आयोजित की जाएगी। यह प्रक्रिया पूरे एक माह तक चलेगी। नीलामी में 250 करोड़ रुपए से अधिक की लगभग 350 संपत्तियां बिक्री के लिए रखी जाएंगी। इसमें आवासीय, व्यावसायिक एवं औद्योगिक संपत्तियों के साथ क्योस्क, दुकानें आदि शामिल हैं। पिछले डेढ़ माह से नीलामी प्रक्रिया रूकी पड़ी है। ऐसे में नवरात्रि पर्व के दौरान जीडीए अपनी संपत्तियों की बिक्री करने को उतावला है।
जीडीए के अपर सचिव एवं संपत्ति प्रभारी सीपी त्रिपाठी ने बताया कि इन संपत्तियों में सबसे ज्यादा 170 से अधिक भवन, भूखंड एवं अन्य संपत्तियां मधुबन-बापूधाम योजना की हैं। मधुबन-बापूधाम योजना में 130 व्यावसायिक भूखंड योजना के सी-पॉकेट में नीलामी में बेचने के लिए रखे जाएंगे। वहीं, 24 औद्योगिक भूखंड, 8 फार्मा भूखंड,4 प्राइमरी स्कूल भूखंड, नर्सिंग होम हॉस्टल भूखंड,बैंक ऑफिस,पेट्रोल पंप के भूखंड शामिल हैं। बहुमंजिला आवासीय योजना में यहां चार मंजिला एलआईजी खाली भवनों की संख्या करीब 161,दो बीएचके ए-टाइप फ्लैट 157, दो बीएचके टाइप-बी फ्लैट 140,तीन बीएचके टाइप-ए फ्लैट 140,तीन बीएचके टाइप-बी फ्लैट 100, तीन बीएचके स्टडी टाइप-ए फ्लैट 46 और तीन बीएचके स्टडी टाइप-बी के 15 फ्लैट खाली हैं। जीडीए की इन्हें मिलाकर अन्य योजनाओं में 1968 फ्लैट खाली हैं। इनमें इंद्रप्रस्थ,कोयल एंक्लेव योजना के एक से दो बीएचके के फ्लैट शामिल हैं।
वहीं, मालीवाड़ा में सिहानीगेट थाने के बगल में चंद्रशिला अपार्टमेंट के फ्लैट और इंदिरापुरम के न्यायखंड में चार मंजिला एमआईजी, तीन मंजिला मिनी एमआईजी भवन हैं। मिनी एमआईजी व दो बीएचके के फ्लैट की कीमत 19.29 से 52.28 लाख रुपए तक है। वहीं, तीन बीएचके की कीमत 60 लाख से 69 लाख के बीच में हैं।बता दें कि जीडीए ने बीते साल में नीलामी के जरिए कोरोना संक्रमण काल में बड़े पैमाने पर संपत्तियां बेची हैं। जीडीए को करीब 550 करोड़ की 1595 संपत्तियों की बिक्री से आय हुई है। इनमें सबसे ज्यादा 731 संपत्तियों मधुबन-बापूधाम योजना की बेची गई। इनमें 320 ईडब्ल्यूएस भवन,321 भूखंड़ों की आवासीय योजना को लोगों ने हाथों हाथ लिया। इसके अलावा नीलामी में करीब 90 भूखंडों को बेचा गया। जीडीए के अपर सचिव सीपी त्रिपाठी ने बताया कि नवरात्रों में शुरू होने वाली नीलामी 7 अक्टूबर गुरूवार से शुरू की जाएगी। इसकी अन्य तारीख जल्द फाइनल कर दी जाएगी। इस बार 1 माह तक नीलामी में संपत्तियों को बेचने के लिए रखा जाएगा। नीलामी में 190 भूखंडों के अलावा अन्य योजनाओं के फ्लैट को बेचने के लिए रखा जाएगा। मधुबन-बापूधाम योजना में 130 भूखंड,फ्लैट,इंदिरापुरम में 124,इंद्रप्रस्थ में 52,नंदग्राम में 18,गोविंदपुरम में 19 और कोयल एंक्लेव योजना की 19 संपत्तियों को बेचने के लिए नीलामी में रखा जाएगा।