दूधेश्वरनाथ मठ में महाशिवरात्रि महोत्सव की भव्य तैयारी, प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद

-शिव भक्तों के लिए होगा आध्यात्मिक और अलौकिक अनुभव

उदय भूमि
गाजियाबाद। ऐतिहासिक दूधेश्वरनाथ मठ में महाशिवरात्रि महोत्सव का भव्य आयोजन 24 से 26 फरवरी तक किया जाएगा। इस पावन अवसर पर देशभर से लाखों श्रद्धालु भगवान दूधेश्वर महादेव का जलाभिषेक करने आएंगे। महोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी दीपक मीणा और एडीएम सिटी गंभीर सिंह मंदिर पहुंचे और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर के पीठाधीश्वर एवं श्रीपंचदशनाम जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीमहंत नारायण गिरि से भेंट कर व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की। जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा और सभी विभाग इस आयोजन में पूर्ण सहयोग देंगे।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी दीपक मीणा और एडीएम गंभीर सिंह ने स्वयंभू पौराणिक शिवलिंग की पूजा-अर्चना की और सिद्ध गुरु मूर्तियों की समाधियों पर मत्था टेका। मंदिर प्रशासन की ओर से महंत नारायण गिरि महाराज ने उनका स्वागत किया और उन्हें पटका पहनाकर तथा धार्मिक पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी अजय चोपड़ा भी मौजूद रहे, जिन्होंने इस महायोजन में सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई। दूधेश्वरनाथ मठ गाजियाबाद का एक प्राचीन और सिद्ध स्थल है, जहां हर वर्ष महाशिवरात्रि पर्व पर विशाल आयोजन होता है। इस बार की व्यापक तैयारियां और प्रशासन का विशेष सहयोग इस महोत्सव को और भी भव्य बना देगा।

भक्तों के स्वागत के लिए व्यापक तैयारियां
• मंदिर प्रबंधन और प्रशासन पूरी मुस्तैदी से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कार्यरत है।
• 26 फरवरी को महाशिवरात्रि के मुख्य दिन, लाखों भक्तों के आगमन की संभावना को देखते हुए विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है।
• मंदिर परिसर को भव्य रूप से सजाया जाएगा, और विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन होगा।
• जलाभिषेक और दर्शन के लिए सुव्यवस्थित लाइनें, साफ-सफाई, जल आपूर्ति, और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।