शहर में बढ़ेगी ग्रीनरी, नगर निगम रोपित करेगा एक लाख से ज्यादा पौधे

गाजियाबाद। शहर को हरा-भरा और खूबसूरत रखने के लिए नगर निगम निरंतर प्रयास कर रहा है। इसके अच्छे परिणाम भी सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में नगर निगम ने आगामी मानसून सीजन में शहरभर में 1 लाख 6 हजार 241 पौधे रोपित करने का निर्णय लिया है। इसके लिए संबंधित स्थलों का चयन कर लिया गया है। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर उद्यान विभाग शहर की हरियाली बढ़ाने में शिद्दत से जुटा है। पर्यावरण को संतुलित बनाए रखने की दृष्टि से पौधरोपण बेहद जरूरी है। उधर, मियाकी पद्धति से भी पौधे रोपित किए जाएंगे। डीएम राकेश कुमार सिंह ने भी इस संबंध में नगर निगम को जरूरी तैयारी कर लेने के निर्देश दे दिए हैं।

नगर निगम के उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह ने बताया कि नगर निगम को दिसंबर-2021 में नगर निगम को 90 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया। मगर इस लक्ष्य के सापेक्ष नगर निगम सीमा क्षेत्र में इस बार 1.06 लाख 241 पौधे शहर में रोपित किए जाएंगे। इन पौधों को लगाने के लिए शहर में 423 स्थलों को चयनित किया जा चुका हैं। वहीं, इन चयनित स्थलों पर 70 फीसद तक गड्ढों की की खुदाई भी कराई गई है। उद्यान प्रभारी ने बताया कि शहर में पौधे लगाने के बाद बाकी स्थानों पर गड्ढे खुदाई का कार्य जल्द पूरा करा लिया जाएगा। इसके अलावा नगर निगम सीमा क्षेत्र में उद्यमियों से औद्योगिक क्षेत्रों में पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

वहीं, स्कूलों को पौधा रोपण अभियान से जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि औद्योगिक क्षेत्रों के अलावा स्कूलों आदि में जगह दे सकेंगे। वहां पर पौधे रोपित किए जाएंगे। इसके लिए इन्हें अनापत्ति प्रमाण पत्र भी दिए जाएंगे।नगर निगम का प्रयास है कि शहर में हरियाली बढ़ाने के लिए शहर की बड़ी इंडस्ट्रीज को पौधारोपण अभियान से जोड़ा जाए। इसके लिए इंडस्ट्रीज से वार्ता की जा रही हैं। इनमें टाटा स्टील, इंडियन आॅयल आदि कंपनियों को जोड़ा जाएगा। लंग्स ऑफ गाजियाबाद अभियान के तहत इन्हें एनओसी देंगे। इसके अलावा मियाकी पद्धति से एक ही स्थान में बड़ी संख्या में पौधे रोपित किए जाएंगे। इसके लिए स्थानों को चयनित किया जा रहा है।